क्रिकेट: बाढ़ से प्रभावित पंजाब को देखकर दिल टूट गया शुभमन गिल

बाढ़ से प्रभावित पंजाब को देखकर दिल टूट गया  शुभमन गिल
पंजाब इस समय भीषण बाढ़ संकट से जूझ रहा है। इस बाढ़ के चलते ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। बाढ़ से प्रभावित पंजाब को देखकर भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का दिल टूट गया है।

चंडीगढ़, 2 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब इस समय भीषण बाढ़ संकट से जूझ रहा है। इस बाढ़ के चलते ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। कुछ लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। बाढ़ से प्रभावित पंजाब को देखकर भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का दिल टूट गया है।

हालांकि, उनका मानना है कि पंजाब इस आपदा का मजबूती के साथ सामना करेगा और लोग इससे उबर जाएंगे।

भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "बाढ़ से तबाह हुए अपने पंजाब को देखकर दिल टूट गया है। पंजाब हर मुसीबत से ज्यादा मजबूत है। हम इससे उबरकर फिर खड़े होंगे। मेरी प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मैं अपने लोगों के साथ मजबूती से खड़ा हूं।"

पंजाब में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर अमृतसर में देखने को मिला है, जहां 35 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, फिरोजपुर में 24 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। फाजिल्का, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, बरनाला और मोगा में भी बाढ़ का प्रभाव देखने को मिला है।

राज्य सरकार के बुलेटिन के अनुसार, पठानकोट में 6 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि गुरदासपुर, पटियाला, बठिंडा और संगरूर में एक-एक मौत की घटना दर्ज की गई है। पठानकोट में तीन लोग लापता हैं। अब तक करीब 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

भारी बारिश और बाढ़ से पंजाब में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ स्थिति पर चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने सीएम भगवंत मान को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

सीएम भगवंत मान ने बताया है कि राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने और उन्हें तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने भरोसा जताया है कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हुए एक-एक पैसे के नुकसान की भरपाई करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2025 9:45 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story