राजनीति: भाजपा को हराकर उत्तर प्रदेश को बचाना है अखिलेश यादव

लखनऊ, 14 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराकर उत्तर प्रदेश को बचाना है।
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बुलंदशहर और हापुड़ जनपदों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार में लूट की पराकाष्ठा है। हर विभाग, हर कार्य में भ्रष्टाचार है। ये लोग जिलों-जिलों में सरकारी जमीनों, तालाबों, गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान, नौजवान, महिलाएं और व्यापारी सभी परेशान हैं। आम जनमानस भाजपा के खिलाफ है। इस सरकार में पीडीए समाज का लगातार अपमान हो रहा है। यह सरकार पीडीए समाज को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को तैयार है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की कोई चाल नहीं चल सकेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के प्रत्याशी बिना सर्वे के नहीं घोषित किए जाएंगे। जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव लड़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच रहे। मतदाताओं के संपर्क में रहें। भाजपा से सावधान रहना है। वह वोट काटने की भी साजिश कर सकती है। सपा के कार्यकर्ता उनके के षडयंत्रों पर नजर रखे। नेताओं, कार्यकर्ताओं को बहुत काम करना होगा। वोट बनवाना, वोट बचाना, वोट पड़वाना और वोट गिनवाना। सभी कार्यों को लेकर सजग रहना होगा, तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।
उन्होंने कहा कि इस सरकार में महंगाई बढ़ती जा रही है। भ्रष्टाचार पर कोई अंकुश नहीं है। थाना, तहसील में उगाही चल रही है। नौजवानों के लिए नौकरियां नहीं रह गई हैं। प्रदेश में न कोई पूंजी निवेश आ रहा है और न ही कोई उद्योग लग रहा है। जो बड़े-बड़े वादे किए गए थे वे हवा हवाई बनकर रह गए हैं। कोई बड़ा उद्योगपति बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए यहां आने को तैयार नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Sept 2025 9:27 PM IST