अपराध: ओडिशा में अवैध हथियारों की खेप की सप्लाई करने पहुंचा झारखंड का अपराधी गिरफ्तार

ओडिशा में अवैध हथियारों की खेप की सप्लाई करने पहुंचा झारखंड का अपराधी गिरफ्तार
अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय झारखंड के अपराधी महेश साहा उर्फ टीपू को ओडिशा पुलिस ने उसके दो सहयोगियों समेत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी पुरी जिले में बुधवार को हुई। पुरी कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल क्राइम यूनिट ने कार्रवाई कर उनके पास से आठ सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए।

रांची, 17 सितंबर (आईएएनएस)। अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय झारखंड के अपराधी महेश साहा उर्फ टीपू को ओडिशा पुलिस ने उसके दो सहयोगियों समेत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी पुरी जिले में बुधवार को हुई। पुरी कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल क्राइम यूनिट ने कार्रवाई कर उनके पास से आठ सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक महेश साहा लंबे समय से ओडिशा, झारखंड और बिहार में आपराधिक गिरोहों को हथियारों की आपूर्ति कर रहा था। उस पर पुलिस की नजर काफी समय से थी। जानकारी मिली थी कि वह पुरी में हथियारों की एक बड़ी डील करने वाला है। इसके बाद हतियासुनी चौक के पास घेराबंदी कर उसे दबोचा गया। तलाशी के दौरान हथियारों की खेप बरामद हुई।

गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपी ओडिशा के खुर्दा जिले के रहने वाले मोहम्मद सकाबत और फिरोज अली खान बताए गए हैं। तीनों से उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। ओडिशा पुलिस ने महेश की गिरफ्तारी की सूचना झारखंड पुलिस को भी दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हथियार सप्लाई करने वाले इस नेटवर्क की जड़ें कई राज्यों तक फैली हो सकती हैं। अब तक कितने हथियार इस चैनल के जरिये अपराधियों तक पहुंचे और किन घटनाओं में इनका इस्तेमाल हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह पिछले 13 सालों से सक्रिय है। झारखंड से ओडिशा और आसपास के राज्यों में अपराधियों को हथियार सप्लाई कर रहा था। इन हथियारों का इस्तेमाल रंगदारी वसूली और अन्य आपराधिक घटनाओं में किया जाता था। कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में यह कार्रवाई बड़ी सफलता है और इससे अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में आसानी होगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Sept 2025 6:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story