पश्चिम बंगाल चुनाव में हार रही ममता बनर्जी रामकृपाल यादव
पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल में चुनाव हार रही हैं और उनकी हताशा उनके बयानों में साफ नजर आ रही है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए राम कृपाल यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक संवैधानिक पद पर बैठी मुख्यमंत्री आम लोगों के बीच हिंसा जैसी बातें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह एक हारे हुए नेता की तरह बौखलाहट दिखाता है, जो अपनी हार को देखते हुए अनाप-शनाप बयान दे रहा है।
इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खाड़ी युद्ध के कारण भारत समेत दुनिया के कई देश संकट का सामना कर रहे हैं। पेट्रोलियम की कमी की स्थिति बन रही है, जिसे लेकर केंद्र सरकार सतर्क है। उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर विपक्ष के नेताओं के साथ बैठक की है और संसद में सभी से सहयोग की अपील की है।
रामकृपाल यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस समय छोटी राजनीति करने से बचना चाहिए और सभी को मिलकर देश के हित में काम करना चाहिए।
इसके साथ ही बिहार में खाद की सप्लाई को लेकर बिहार सरकार के मंत्री ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद प्रेस बयान जारी कर लोगों को आश्वस्त किया है कि हालात नियंत्रण में हैं।
उन्होंने बताया कि उनके विभाग की ओर से खाद की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति इस स्थिति का फायदा उठाकर किसानों के लिए दिक्कतें पैदा करने की कोशिश न करे। सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 11:05 AM IST












