‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ बयान पर अग्निमित्रा पॉल का तंज, पूछा- 'कहां छिपे हैं जहांगीर खान'
आसनसोल, 17 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के आसनसोल के मोहिशिला में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने एक सभा में भाग लिया। यह सभा भाजपा की सरकार बनने के बाद मतदाताओं और समर्थकों को धन्यवाद देने के लिए आयोजित की गई थी। इस दौरान अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला।
मीडिया से बात करते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जो लोग कहते थे कि राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद मछली और चिकन बंद हो जाएगा, उन्हें जवाब मिल गया है। मां कैंटीन में जाकर कोई भी मछली-भात खा सकता है। हर धर्म के लोगों के लिए कैंटीन खुली हुई है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने तरह-तरह के कार्ड बनाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की है, उनमें मंत्री और नेता भी शामिल रहे हैं। इसकी जांच की जाएगी और सबका हिसाब होगा।
टीएमसी नेता जहांगीर खान पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि उन्होंने कहा था कि ‘पुष्पा झुकेगा नहीं।’ जहांगीर को नोटिस मिला हुआ है, लेकिन वह मिल ही नहीं रहे हैं। पता नहीं कहां छिपे हुए हैं। उनके जैसे बहुत नेता हमने देखे हैं। ऐसा लग रहा है कि वह किसी चूहे के बिल में घुस गए हैं। अब राज्य में सुवेंदु अधिकारी की सरकार है। डायलॉग सिर्फ सिनेमा में ही अच्छा लगता है।
अग्निमित्रा पॉल ने यह भी कहा कि बंगाल के लोगों ने जिस तरह से आशीर्वाद दिया है और छप्पर फाड़कर वोट दिया है, उससे हमारा दायित्व और बढ़ गया है। हम पहले ही दिन से लोगों के लिए हाजिर हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को लोग कभी माफ नहीं करेंगे। जो लोग उन्हें जितना प्यार करते थे, वे उन्हें माफ नहीं करेंगे। उनका भी हिसाब होगा।
उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से तेल के दाम बढ़े हैं और आगे भी बढ़ेंगे। इसमें हम सभी को सहयोग करना होगा। लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। पीएम मोदी ने भी अपने काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम कर दी है।
बता दें कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के साथ उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। अधिकारियों को लोगों की देखभाल और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 9:26 PM IST











