रूस दागेस्तान की राजधानी में बाढ़ से तबाही, लगा आपातकाल
मास्को, 28 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिणी रूसी दागेस्तान की राजधानी में अधिकारियों ने शनिवार को इमरजेंसी की घोषणा कर दी, क्योंकि भारी बारिश की वजह से इलाके में बड़े पैमाने पर बाढ़ आ गई और बिजली भी गुल हो गई।
मखचकाला शहर प्रशासन ने टेलीग्राम पर कहा, "आपातकालीन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है, इसके बाद की स्थिति से निपटने की कोशिशें जारी हैं, और प्रभावित लोगों को मदद दी जाएगी।"
रॉयटर्स के अनुसार, क्षेत्रीय मंत्रालय ने कहा कि खराब मौसम की वजह से दागेस्तान में 3,27,000 से अधिक लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा, "12:00 बजे (स्थानीय समयानुसार) तक 327,183 लोगों की आबादी वाली 283 बस्तियां (जिनमें 89,705 बच्चे शामिल हैं) में बिजली गुल हैं।"
इलाके के मुख्यमंत्री सर्गेई मेलिकोव ने कहा कि इमरजेंसी सर्विस और अधिकारी खराब मौसम के हालात के लिए तैयारी कर रहे थे, लेकिन असल हालात "अनुमान से भी बद्दतर थे"।
दागेस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर खासाव्यर्ट के अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश की वजह से एक रेलवे पुल को नुकसान हुआ है।
बारिश का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है। दागेस्तान की सरकारी प्रेस सर्विस ने कहा, "नॉर्थ कॉकस रेलवे के खासाव्यर्ट-कादियुर्ट सेक्शन पर पुल के दो हिस्से गिर गए।" प्रशासन का कहना है कि इसे ठीक करने में काफी समय और मेहनत लग सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इलाके में भारी बारिश रविवार तक जारी रहेगी। मुख्यमंत्री मेलिकोव ने स्वीकार किया कि हालांकि वे तैयारी कर रहे थे, लेकिन प्रकृति का कहर उनकी सोच से कहीं ज्यादा निकला। अगले 24 घंटे क्षेत्र के लिए बहुत चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। प्रशासन ज्यादा नुकसान रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने पर ध्यान दे रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 8:47 PM IST










