सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का सवाल, राम कदम बोले-"भारतीय प्रकाशक क्यों नहीं चुना"

सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का सवाल, राम कदम बोले-भारतीय प्रकाशक क्यों नहीं चुना
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अलग-अलग मुद्दों पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। भाजपा विधायक राम कदम ने सोनिया गांधी की किताब के प्रकाशन और गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर इमरजेंसी के लिए माफी मांगने की मांग की और एसआईआर को लेकर निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तंज कसा।

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अलग-अलग मुद्दों पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। भाजपा विधायक राम कदम ने सोनिया गांधी की किताब के प्रकाशन और गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर इमरजेंसी के लिए माफी मांगने की मांग की और एसआईआर को लेकर निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तंज कसा।

सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च को लेकर भाजपा विधायक राम कदम ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किताब का प्रकाशन एक विदेशी कंपनी कर रही है। राम कदम ने कहा कि सोनिया गांधी ने किसी भारतीय प्रकाशक के बजाय विदेशी कंपनी को चुना है।

उन्होंने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1968 में पूर्व पीएम राजीव गांधी से शादी की थी लेकिन इसके बावजूद करीब 15 वर्षों तक भारतीय नागरिकता नहीं ली। राम कदम ने इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि किताब के प्रकाशन के लिए भारतीय कंपनी का चयन क्यों नहीं किया गया।

गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा तत्काल राहत देने से इनकार किए जाने पर राम कदम ने कहा कि न्यायपालिका के फैसलों और निर्देशों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा सनातन हिंदू धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे विशेष रूप से उत्तर भारत के लोग पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाते हैं। छठ पूजा का आयोजन जरूर होगा लेकिन न्यायपालिका के निर्देशों और नियमों का पालन करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोजन के दौरान किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा या नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी तरह-तरह के राजनीतिक नाटक कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले देश की जनता से आपातकाल (इमरजेंसी) थोपने के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए। पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए संविधान को निलंबित करने और लोगों के अधिकार छीनने तक से पीछे नहीं हटती।

एसआईआर पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी भारत निर्वाचन आयोग की है। आयोग को हर घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए। यदि कहीं लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल निर्वाचन आयोग की मदद के लिए हैं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनके सत्ता में आने की कोई संभावना नहीं है और उनके सपने कभी पूरे नहीं होंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब उनकी सरकार बनेगी, तब वे सैफई जाकर डांस परफॉर्मेंस देखने का सपना जरूर देख सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story