हादसे का शिकार: मशीन के करंट से 25 वर्षीय युवक की मौत, बकरियों के लिए चारा लेने गया था

मशीन के करंट से 25 वर्षीय युवक की मौत, बकरियों के लिए चारा लेने गया था
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह होगी स्पष्ट
  • एमआईडीसी पुलिस कर रही जांच

डिजिटल डेस्क, जलगांव. खेत में बकरियों के लिए चारा लेने गए 25 वर्षीय युवक की झटका मशीन के तारों से करंट लगने के कारण मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना मंगलवार सुबह शिरसोली में हुई। मृतक की पहचान अजय विजय भिल (25) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अजय मंगलवार सुबह करीब 6 बजे अपनी बकरियों के लिए चारा इकट्ठा करने खेत में गया था। इसी दौरान जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए एक किसान ने खेत के चारों ओर झटका मशीन के तार लगा रखे थे। अजय अनजाने में इन तारों के संपर्क में आ गया और करंट लगने से गंभीर हालत में खेत में गिर पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के पुलिस पाटिल ने अजय के परिजनों को सूचित किया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल जिला सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से शिरसोली परिसर में शोक का माहौल है।

एमआईडीसी पुलिस कर रही जांच

घटना के संबंध में एमआईडीसी पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू है। युवक की मौत झटका मशीन के करंट से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। एमआईडीसी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story