आश्वासन: किसानों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी सरकार और शिवसेना, शिंदे ने भीलपुरी और मौजपुरी में किसानों से किया संवाद

किसानों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी सरकार और शिवसेना, शिंदे ने भीलपुरी और मौजपुरी में किसानों से किया संवाद
  • सूखा प्रभावित किसानों की समस्याएं सुनीं, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
  • बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन

डिजिटल डेस्क, जालना। राज्य में सूखे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ऐसे संकट के समय सरकार और शिवसेना किसानों की सहायता के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है। किसानों को धैर्य नहीं खोना चाहिए। हम सभी किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके साथ हैं। यह प्रतिपादन राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया।

वे जालना तहसील के भीलपुरी और मौजपुरी गांवों के दौरे के दौरान किसानों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने भीलपुरी गांव में किसानों से चर्चा की और इसके बाद मौजपुरी का दौरा किया। शिंदे ने कहा कि वे इस दौरे पर केवल दीपावली मनाने नहीं आए हैं, बल्कि किसानों की स्थिति और उनकी समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए पहुंचे हैं।

प्रारंभ में विधायक अर्जुन खोतकर ने उपमुख्यमंत्री शिंदे का सत्कार किया। इस दौरान शिंदे ने लाडली बहनों, नागरिकों और किसानों का अभिवादन कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिवसेना के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को किसानों की मदद के लिए आगे आने तथा हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए। विधायक खोतकर ने भी जालना जिले में किसानों के लिए किए जा रहे सहायता कार्यों की जानकारी दी।

शिंदे ने कहा कि जालना जिले समेत पूरे राज्य का किसान संकट में है। सूखे की समस्या बेहद गंभीर है। भीलपुरी में किसान तांगड़े परिवार की स्थिति और परिवार के सदस्यों से बातचीत के साथ ही अन्य किसानों से संवाद के दौरान जमीनी हकीकत सामने आई। सरकार और शिवसेना किसी भी संकट से निपटने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों को पानी की किल्लत, जल संकट, पशुओं के चारे, अनाज, फसलों की स्थिति, बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी जैसे मामलों में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने विधायक अर्जुन खोतकर को निर्देश दिया कि सूखे के दौरान जिन किसानों की बेटियों की शादियां तय हैं और उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है, ऐसे परिवारों की सूची तैयार की जाए। शिवसेना की ओर से इन परिवारों की मदद की व्यवस्था की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान पुत्र हैं और अकाल, सूखे तथा अन्य संकटों के दौरान किसानों की स्थिति और उनकी परेशानियों को अच्छी तरह समझते हैं। वे किसानों की भावनाओं से परिचित हैं और जो वचन देते हैं, उसे पूरा करते हैं। इसलिए किसानों को इस मुश्किल समय में धैर्य बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की सहायता कर रही है। जिन पात्र किसानों को अब तक सहायता नहीं मिली है, उन्हें भी मदद जरूर मिलेगी। शिंदे ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में शुरू की गई लाडली बहना योजना का कुछ लोगों ने मजाक उड़ाया था, लेकिन आज संकट के समय यह योजना महिलाओं के लिए सहारा बन रही है। किसानों के हित में सरकार द्वारा लिए गए सभी निर्णय और योजनाएं आगे भी जारी रहेंगी।

Created On :  

Tags

Next Story