Jalna News: मांगें जमीन पर उतरेंगी, तभी इलाज लेंगे : मनोज जरांगे का फिर कड़ा रुख

मांगें जमीन पर उतरेंगी, तभी इलाज लेंगे : मनोज जरांगे का फिर कड़ा रुख
  • अनशन के आठवें दिन पानी और सलाइन भी बंद
  • डॉक्टरों को जांच से रोका, 12 को मुंबई कूच पर कायम

Jalna News मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अंतरवाली सराटी में मनोज जरांगे पाटील का अनशन आठवें दिन भी जारी है। सरकार की ओर से कुछ प्रमुख मांगों पर दो दिनों में कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बावजूद ठोस अमल नहीं होने से जरांगे ने एक बार फिर पानी और सलाइन लेना बंद कर दिया है। उन्होंने डॉक्टरों को स्वास्थ्य जांच की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया।

जरांगे ने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगों पर प्रत्यक्ष रूप से अमल नहीं होता, तब तक वह कुछ भी स्वीकार नहीं करेंगे और उपचार भी नहीं लेंगे। उनके इस फैसले से आंदोलन स्थल पर मौजूद समर्थकों में चिंता बढ़ गई है।

जरांगे के अनुसार सरकार ने 58 लाख मराठा कुणबी रिकार्ड शुरू करने, हैदराबाद गजट को लागू करने और गांवों में दवंडी पिटवाने जैसे मुद्दों पर कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। इसके अलावा 2012 के जाति पड़ताल कानून में मराठा समाज को शामिल करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मुलाकात का आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ है।

इससे पहले मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल की अपील के बाद जरांगे ने पानी और सलाइन लेना शुरू किया था। हालांकि, मांगों पर अमल नहीं होने का हवाला देते हुए उन्होंने फिर उपचार ठुकरा दिया है। 12 सितंबर को मुंबई पहुंचने के अपने फैसले पर भी जरांगे कायम हैं। अब सरकार की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Created On :  

Tags

Next Story