तेजस्वी यादव बिहार में सरकार बना नहीं पाए और इंटरनेशनल लीडर बनने चले हैं गिरिराज सिंह
पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने का दावा करने वालों को जनता ने आईना दिखा दिया। करारी हार से भी तेजस्वी यादव ने सबक नहीं लिया है।
केरल में एक चुनावी रैली के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार को देश का 'सबसे गरीब राज्य' बताया। तेजस्वी के इस बयान पर गिरिराज सिंह ने एक मुहावरे का जिक्र करते हुए मजाकिए अंदाज में कहा कि बिहार में सरकार बना नहीं पाए और केरल में इंटरनेशनल लीडर बनने के लिए निकल पड़े हैं।
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पीएम मोदी की नीति की तारीफ करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर आप दुनियाभर के सभी देशों को देखें, तो वहां पर तेल की कीमतें बढ़ी हैं। लेकिन, भारत में मोदी सरकार ने एक्साइज ड्यूटी और बाकी सभी ड्यूटी को कम किया है। पीएम मोदी लगातार देश की सेवा करने में लगे हुए हैं। दूसरी ओर, अमेरिका, इंग्लैंड, जर्मनी और जापान जैसे देशों में, तेल की कीमतें हर जगह बहुत ज्यादा बढ़ गई हैं।
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे भड़काऊ भाषण दे रहे हैं जबकि कांग्रेस की हिमाचल सरकार ने तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है। इससे कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आया है। राहुल गांधी अबोध बालक की तरह बर्ताव करते हैं।
पटना में नेशनल जूट बोर्ड एवं जूट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन के कार्यक्रम में गिरिराज सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जूट क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता, डिजाइन विकास और ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं। जूट-एक प्राकृतिक, पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ फाइबर न केवल रोजगार सृजन का सशक्त आधार है, बल्कि किसानों, कारीगरों और महिला समूहों को सशक्त करने का माध्यम भी बन रहा है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ, जूट क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हम सभी मिलकर प्रतिबद्ध हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 9:27 PM IST











