यूपी में शराब दुकान सेल्समैन हत्याकांड का खुलासा, उधार के 50 हजार के लिए हत्या के बाद लूट, आरोपी गिरफ्तार

यूपी में शराब दुकान सेल्समैन हत्याकांड का खुलासा, उधार के 50 हजार के लिए हत्या के बाद लूट, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूट के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

लखनऊ, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूट के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इसको लेकर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी कृष्णा तिवारी (19) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई 1.41 लाख रुपए की नकदी बरामद की है।

यह मामला बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गई गांव का है। पुलिस के अनुसार, देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान शुक्रवार की रात दुकान बंद करने के बाद पास बने टीनशेड के बरामदे में सो रहा था। इसी दौरान उसके सिर पर लकड़ी के बोटे से वार कर हत्या कर दी गई। जांच में दुकान की बिक्री की नकदी गायब मिली थी।

फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने आगे बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सेल्समैन से 50 हजार रुपए उधार लिए थे। रुपए वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद आरोपी दोबारा दुकान पहुंचा और सेल्समैन के सिर पर दो बार वार किया। इसके बाद आरोपी दुकान की चाबी लेकर गल्ले में रखे 1.41 लाख रुपए लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शहजादीपुर नहर पुलिया के पास आरोपी को इलेक्ट्रिक ऑटो समेत गिरफ्तार किया। ऑटो की डिग्गी से पूरी नकदी और घटना के समय पहनी गई खून के छींटों वाली सफेद टी-शर्ट बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बोटा भी पुलिस ने बरामद किया है।

चोरी का एक अन्य मामला शनिवार को उत्तर प्रदेश से सामने आया, जहां गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिल, विभिन्न कंपनियों के 10 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में नौ सही हालत में मिली हैं, जबकि दो मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उनका इस्तेमाल राहगीरों के मोबाइल फोन चोरी करने और छीनने के लिए करते थे। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को थाना नॉलेज पार्क की टीम ने नॉलेज पार्क-2 क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक पार्क के खंडहर में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ अजय, अनवर उर्फ सूरज और नसीब उर्फ अहमद के रूप में हुई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story