Disha Salian Case: दिशा सालियान मामले पर आदित्य ठाकरे ने तोड़ी चुप्पी, खुद पर लगे आरोपों पर क्या कहा?

दिशा सालियान मामले पर आदित्य ठाकरे ने तोड़ी चुप्पी, खुद पर लगे आरोपों पर क्या कहा?
दिशा सालियान मौत मामले को लेकर महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है। इस बीच मामले में घिरे शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिशा सालियान मौत मामले को लेकर महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है। इस बीच मामले में घिरे शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला और न ही उन्हें जानता था. आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि उनकी छवि को जान बूझकर खराब करने की कोशिश गी जा रही है और इसलिए उन्हें दिशा सालियान मामले से जोड़ा जा रहा है. उन्होंने एक्स पोस्ट में ये बात कही।

दिशा सालियान मामले में आदित्य ठाकरे ने तोड़ी चुप्पी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आदित्य ठाकरे ने एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "पिछले 6 सालों से कुछ लोग जान बूझकर बार बार मेरा नाम इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं जबकि इसका कोई सबूत या संबंध नहीं है।" उन्होंने कहा कि बिना किसी फैक्ट और सच्चाई के लगातार ये झूठा कैंपेन चलाया जा रहा है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में किया जा रहा मीडिया ट्रायल सच्चाई को नहीं बदल सकता।

  1. दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत के मैनेजर के रूप में काम कर चुकी थीं
  2. 8 जून 2020 को 12वीं मंजिल से गिरने से दिशा की मौत हो गई
  3. एक हफ्ते बाद सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मृत पाए गए
  4. दोनों की मौत को जोड़कर देखा गया
  5. इस मामले में खूब राजनीति हुई
  6. अब छह साल बाद फिर मामला सुर्खियों में है

संजय राउत ने कही ये बात

आदित्य ठाकरे ने लिखा, "मैं फिर कहता हूं कि अगर आपको लगता है कि इस तरह चरित्र हनन और झूठे प्रचार से मुझे चुप करा सकते हैं तो ये आपकी गलतफहमी है। सच्चाई के लिए और अन्याय के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।"

बता दें, इस मामले में मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत का बयान सामने आया था। उन्होंने कहा था कि दिशा सालियान मामले में सीबीआई की एफआईआर ठाकरे परिवार की छवि को धूमिल करने की राजनीतिक साजिश है।

दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है लेकिन किसी को भी नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद ये एफआईआर हुई। दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था, लेकिन कोर्ट ने किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा कि मामले की जांच करना जांच एजेंसी का काम है।

Created On :   16 Sept 2026 7:17 PM IST

Tags

Next Story