पंजाव विधानसभा चुनाव 2027: नशे के खिलाफ अभियान या चुनावी तैयारी? जानिए क्यों शुरू हुई BJP की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा'

नशे के खिलाफ अभियान या चुनावी तैयारी? जानिए क्यों शुरू हुई BJP की नशा मुक्त पंजाब यात्रा
पंजाब में मौजूदा समय में आप की सरकार है। सरकार पहले से ही नशा के खिलाफ 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान चला रही है और ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में इन दिनों 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' चर्चा में है। बीजेपी ने नशे के खिलाफ यह यात्रा शुरू की है, लेकिन इसे लेकर सियासत भी तेज हो गई है। BJP इसे युवाओं को जागरूक करने का अभियान बता रही है, तो वही दूसरे दल इसे चुनावी रणनीति मान रहे है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर यह यात्रा क्यों निकाली गई और यह इतनी चर्चा में क्यों है?

नशा मुक्त पंजाब यात्रा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पंजाब में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' शुरू की है। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का अभियान है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता अलग-अलग जिलों, शहरों और गांवों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देंगे।

यह यात्रा करीब 13 दिनों तक चलेगी और लगभग 4000 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसका लक्ष्य पंजाब की 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचना है। पार्टी का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचकर उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक करना इस अभियान की सबसे बड़ी प्रमुखता है।

चुनाव से पहले नशा बना बड़ा मुद्दा

पंजाब में पिछले कई वर्षों से नशे की समस्या, ड्रग्स का चस्का, युवाओं में नशे की लत और इससे जुड़े अपराधों को लेकर लगातार चिंता जताई जाती रही है। कई बार पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद हुए हैं।

राज्य में लगभग हर चुनाव के दौरान नशे का मुद्दा मुख्य रूप से उठता है। अलग-अलग राजनीतिक दल दावा करते हैं कि अगर उनकी सरकार बनेगी या बनी रहेगी तो नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए यह सिर्फ कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा भी बन चुका है।

यात्रा के पीछे BJP का उद्देश्य

BJP का कहना है कि नशे जैसी समस्या का समाधान केवल पुलिस कार्रवाई से नहीं होगा। इसके लिए लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। पार्टी का दावा है कि यात्रा के दौरान युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों से बातचीत की जाएगी, ताकि नशे के खिलाफ एक जनजागरूकता अभियान खड़ा किया जा सके। पार्टी का यह भी कहना है कि अगर समाज जागरूक होगा, तो नशे के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी। इसी सोच के साथ पूरे राज्य में यह यात्रा निकाली जा रही है।

AAP सरकार का रवैया

पंजाब में मौजूदा समय में आप की सरकार है। सरकार पहले से ही नशा के खिलाफ 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान चला रही है और ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सरकार का दावा है कि कई बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई जारी है। आप पार्टी ने बीजेपी के अभियान पर तंज कसते हुए कहा भाजपा की यात्रा लोगों की चिंता से ज्यादा राजनीति से जुड़ी हुई है। पार्टी का कहना है कि चुनाव से पहले इस तरह के अभियान निकालकर BJP राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की यात्रा को नशे के मुद्दे को जनता के बीच जनजागरुकता अभियान से कई गुना अधिक राज्य में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Created On :   18 Sept 2026 4:41 PM IST

Tags

Next Story