Anna Hazare on CJP Protest: छात्रों के समर्थन में उतरे अन्ना हजारे, पीएम मोदी को पत्र लिखकर कहा - 'जनता की आवाज मत दबाइए...'

छात्रों के समर्थन में उतरे अन्ना हजारे, पीएम मोदी को पत्र लिखकर कहा - जनता की आवाज मत दबाइए...
नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे उतरे आए हैं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे उतरे आए हैं। उन्होंने दिल्ली में 20 जुलाई को कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) के संसद चलो मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा, 'जनता की आवाज मत दबाइए, बातचीत कीजिए'। अन्ना के मुताबिक सरकार को छात्रों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

वहीं छात्रों के आंदोलन को देखते हुए अन्ना ने मौन आंदोलन करने का निर्णय लिया है। वह कल सुबह 11 बजे से लेकर 1 बजे तक अहिल्यानगर के वाडिया पार्क स्थित गांधी स्मारक के सामने मौन आंदोलन करेंगे। उनके आंदोलन के स्थल को प्रतीकात्मक रूप से 'नगर का जंतर-मंतर' कहा जाएगा।

लोकतंत्र में दमन नहीं संवाद जरूरी

अन्ना हजारे का कहना है कि लोकतंत्र में संवाद की जगह दमन का रास्ता अपनाना चिंताजनक है। उनके मुताबिक संवाद से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। अन्ना ने पीएम को लिखे पत्र में कहा, 'दिल्ली में चल रहे आंदोलन की पृष्ठभूमि में कल हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई की खबरें अत्यंत पीड़ादायक हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की घटनाएं किसी के भी हित में नहीं हैं। मेरा मत है कि किसी भी परिस्थिति में हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति की क्षति और अनावश्यक बल प्रयोग से बचा जाना चाहिए।'

उन्होंने आगे कहा, 'पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी चिंताजनक है। छात्रों के आंदोलन को कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि जनभावना का मुद्दा मानना चाहिए। सरकार छात्रों और आंदोलनकारियों के साथ सकारात्मक संवाद करे।'

Created On :   22 July 2026 9:38 PM IST

Tags

Next Story