Bengal Assembly Elections: 'जाग चुका बंगाल का हिंदू...अपने वोट की चोट से उखाड़ फेंकेगा सरकार', टीएमसी पर BJP का तीखा हमला

- बंगाल विधानसभा चुनाव में काफी समय बाकी
- राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर हुआ शुरू
- बीजेपी ने ममता सरकार पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। वैसे तो पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में अभी काफी समय बचा हुआ है, लेकिन सूबे में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। सबसे बड़े विपक्षी दल भाजपा ने दावा किया है कि राज्य की जनता टीएमसी सरकार से परेशान है और सत्ता में परिवर्तन करना चाहती है। भाजपा इस परिवर्तन को अपने पक्ष में देख रही है।
'टीएमसी से धोखा खा चुकी जनता'
भाजपा नेता निसिथ प्रमाणिक ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि 2021 में जनता प्रशांत किशोर और टीएमसी से धोखा खा चुकी है। अब दोबारा वह गलती नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि 2021 में प्रशांत किशोर ने टीएमसी के साथ मिलकर बंगाल की जनता को धोखा दिया। बंगाल की जनता फिर से उस धोखे में नहीं आएगी। वे 2026 के चुनावों में भाजपा को मजबूत जनादेश देने और टीएमसी को अलविदा कहने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पूरे प्रदेश में आराजकता का माहौल है। बंगाल में क्या चल रहा है, इसे सिर्फ प्रदेश की जनता ही नहीं बल्कि पूरा देश ही देख रहा है।
'हिंदुओं की वोट की चोट से सत्ता से बेदखल होगी ममता सरकार'
उन्होंने टीएमसी सरकार पर हिन्दुओं पर अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब हिन्दू भी जाग चुका है और विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहा है, जब वह अपने वोट की चोट से टीएमसी सरकार को सत्ता से बेदखल करेगा। 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए सभी एकजुट हैं और बंगाल की सत्ता में ममता बनर्जी की विदाई तय है।
'कांग्रेस में अच्छे लोगों की जरूरत नहीं'
भाजपा नेता निसिथ प्रमाणिक ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर को लेकर कहा कि हम लोगों के लिए देश पहले है और कुछ के लिए मोदी पहले। खड़गे के इस बयान पर निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है। कांग्रेस में आज अच्छे लोगों की जरूरत नहीं है और अच्छा आदमी कांग्रेस में नहीं रह सकता है। पार्टी के बाहर निकलना चाहता है। अच्छे लोगों को कांग्रेस में दबाया जाता है। इसीलिए, सभी लोग छोड़ कर जा रहे है, जब अपने लोगों को कांग्रेस संभाल नहीं सकती है तो इस पर भाजपा की ओर से क्या टिप्पणी हो सकती है।
Created On :   27 Jun 2025 12:58 AM IST