Bihar Exit Poll 2025: चिराग पासवान की पार्टी को मिला एनडीए के साथ होने का फायदा, इस बार सीटों में आया बंपर उछाल

चिराग पासवान की पार्टी को मिला एनडीए के साथ होने का फायदा, इस बार सीटों में आया बंपर उछाल

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे व आखिरी चरण का मतदान मंगलवार (11 नवंबर, 2025) को समाप्त हो चुका है। पिछले कई चुनाव के मुकाबले इस बार मतदाताओं ने जमकर वोटिंग की है। रिजल्ट 14 नवंबर को आएंगे। वोटिंग खत्म होने के बाद तमाम सर्वे एजेंसियों ने अपने एग्जिट पोल जारी कर दिए हैं। इन पोल्स के जरिए बिहार में किसकी सरकार बनेगी, यह बताने की कोशिश की गई है।

इस बार के कई एग्जिट पोल में कुछ चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। इनमें से एक है चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास)। आइए जानते हैं इस बार एग्जिट पोल लोजपा रामविलास को कितनी सीटें मिलने का अनुमान जता रहे हैं।

एनडीए में चिराग पासवान की पार्टी को 29 सीटें मिली थीं। उनके एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया था ऐसे में पार्टी 28 सीटों पर ही चुनाव लड़ सकी थी।

इस सर्वे में मिलीं सबसे ज्यादा सीटें

वैसे तो कई सर्वे आए हैं लेकिन पांच सर्वे Matrize-IANS, चाणक्य, पोल डायरी, टीआईएफ रिसर्च और पोलस्ट्रेट की बात करें तो Matrize-IANS ने लोजपा रामविलास को 7-9 सीटें, चाणक्य ने 14-19 सीटें, पोल डायरी ने 12-16 सीटें, टीआईएफ रिसर्च ने 12 से 14 सीटें और पोलस्ट्रेट ने 9 से 12 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

पिछली बार एनडीए से अलग लड़ा था चुनाव

चिराग पासवान की पार्टी 2020 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ी थी। पार्टी ने राज्य की 243 सीटों में से 135 पर चुनाव लड़ा था। हालांकि चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। सिर्फ एक ही सीट (मटिहानी) पर पार्टी को जीत मिली थी। लेकिन एग्जिट पोल्स के मुताबिक इस बार चिराग की पार्टी को एनडीए के साथ होने का फायदा मिल सकता है। अब देखना होगा कि 14 नवंबर को रिजल्ट वाले दिन ये आंकड़े कितने सही साबित होते हैं।

Created On :   11 Nov 2025 9:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story