Bihar election results: जीतनराम मांझी का RJD पर तीखा हमला, कहा - 'उनका हश्र डायनासोर के जैसा हुआ'

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत हुई। गठबंधन ने राज्य की कुल सीटों में से लगभग 80 फीसदी जीतीं। इस बंपर जीत पर एनडीए में शामिल घटक दलों के नेता उत्साहित हैं और महागठबंधन खासकर आरजेडी पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इसी क्रम में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की तुलना डायनासोर से कर दी है।
अब कभी नहीं होगी सत्ता में वापसी
बिहार चुनाव के बाद राजद की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, बिहार की सत्ता में अब कभी राजद के लोगों की वापसी नहीं हो सकती। जो हश्र धरती पर डायनासोर का हुआ, आने वाले वक्त में वही हश्र बिहार में राजद का होगा।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता ने विधानसभा चुनाव में जो जनादेश दिया, उसके बाद ये तय हो चुका है कि अब पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके कुनबे को कभी सत्ता नसीब नहीं होगी। अब तो सब लोग कहने लगे हैं कि धरती पर दोबारा डायनासोर आ सकते हैं, लेकिन बिहार में राजद के लोग नहीं आ सकते हैं।
जनता ने एनडीए को दिया बड़ा जनादेश
केंद्रीय मंत्री मांझी ने कहा कि बिहार चुनाव में प्रदेश की जनता ने अच्छे से सोच-विचार करके निर्णय किया है। जनता ने अगर एनडीए को बड़ा जनादेश देते हुए राजद को नकार दिया है तो इसका केवल एक ही मतलब है कि लालू परिवार और उनकी पार्टी का स्वार्थी चरित्र सभी समझ चुके हैं।
उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार इतनी तेज गति से राज्य का विकास करेगी कि राजद का सत्ता वापसी का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने प्रदेश की 243 विधानसभा सीटों में से 202 पर जीत दर्ज की है, वहीं महागठबंधन के सबसे बड़े दल राजद को 25 सीटों से संतोष करना पड़ा। जो कि पिछले चुनाव में 75 सीटें जीतकर सबसे बड़ा दल बना था। इस चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है।
Created On :   23 Nov 2025 8:37 PM IST














