उत्तरप्रदेश: बीएसपी मायावती ने कई स्कूलों के बंद होने को लेकर यूपी की योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा गरीब बच्चों के हित में विचार करे सरकार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा चीफ मायावती हर दिन नए मामलों को लेकर बीजेपी की योगी सरकार पर निशाना साध रही है। मायावती ने कई स्कूल बंद होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार पर कई आरोप लगाए है।
बीएसपी चीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि बेसिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालयों के युग्मन/एकीकरण की आड़ में बहुत सारे स्कूलों को बंद करने वाला जो फैसला लिया गया है, वह ग़रीबों के करोड़ों बच्चों को उनके घर के पास दी जाने वाली सुगम व सस्ती सरकारी शिक्षा व्यवस्था के प्रति न्याय नहीं, बल्कि पहली नजर में ही स्पष्ट तौर पर यह अनुचित, गै़र-ज़रूरी एवं गरीब-विरोधी प्रतीत होता है।
बीएसपी चीफ ने सरकार से अपील करते हुए कहा है कि वह अपना युग्मन/एकीकरण का यह फैसला ग़रीब छात्र-छात्राओं के व्यापक हित में तुरन्त वापस ले। यदि सरकार अपना यह फैसला वापस नहीं लेती है तो फिर हमारी पार्टी इनके सभी माता-पिता व अभिभावकों को यह विश्वास दिलाना चाहती है कि हमारी पार्टी बी.एस.पी. की सरकार बनने पर फिर इस फैसले को रद्द करके पुनः यहाँ प्रदेश में पुरानी व्यवस्था बहाल की जायेगी। वैसे उम्मीद है कि यूपी सरकार गरीबों व आमजन की शिक्षा के व्यापक हित के मद्दनज़र अपने इस फैसले को बदलने के बारे में ज़रूर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
Created On :   2 July 2025 6:14 PM IST














