Bhupesh Baghel On Punjab Election: भ्रष्टाचार-मुक्त का वादा कर सत्ता में आई, कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, चंड़ीगढ़। पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल मंगवार (2 जून) को देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा पंजाब में कट्टर ईमानदार की बजाय कट्टर बेईमान लोग सरकार चला रहे हैं। न्यूज चैनलों से वार्ता करने के दौरान उन्होंने भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस नेता ने कहा, ''पंजाब में ईमानदार और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का वादा कर आम आदमी पार्टी सत्ता में आई, लेकिन सरकार ने बेईमानी की सारी हदें पार कर दीं। पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा भ्रष्टाचार है। वहां कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। ड्रग्स और गैंगस्टरों का खुला राज चल रहा है।''
बघेल ने आगे कहा, ''भले ही आम आदमी पार्टी (AAP) को कट्टर ईमानदार पार्टी कहा जाता हो, लेकिन हकीकत यह है कि एक पूरी तरह से बेईमान पार्टी ने वहां सरकार बना रखी है।'' भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों में दो बड़ी-बड़ी मीटिंगें हो चुकी हैं। मीटिंग में पंजाब की मौजूदा स्थिति, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में कांग्रेस पूरी मजबूत के साथ उतरेगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में हम चुनाव में जाएंगे। कांग्रेस पार्टी चुनाव अपने दम पर लड़ेगी या किसी के साथ इसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया।
Created On :   2 Jun 2026 8:59 PM IST










