Bihar Politics: बिहार में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की उठी मांग, पटना की सड़कों पर लगाए पोस्टर, लिखें ये नारे

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार सरकार की कमान कौन संभालेगा, अभी सवाल जस का तस बना हुआ है। इस बीच चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास के सांसद अरुण भारती ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी के नेता केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में देखने चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सीएम चेहरा का अंतिम फैसला एनडीए के सीनियर नेता करेंगे।
यह भी पढ़े -'जनता ने बिहार में बदलाव के लिए वोट...' तेज प्रताप यादव ने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कसा तंज
चिराग पासवान के लगे पोस्टर
मीडिया ने अरुण भारती से पूछा कि राजधानी पटना में पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर लगे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी की इच्छा है। उन्होंने आगे कहा, "लोगों की यह इच्छा है। लेकिन यह हमारा निजी विचार है। एनडीए के वरिष्ठ नेता तय करेंगे कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।"
हालांकि, अभी तक एनडीए में यह तय नहीं हो पाया कि बिहार की सत्ता किसे सौंपी जाए, लेकिन जेडीयू के कार्यकर्ता और समर्थक कह रहे हैं कि सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया जाए। वहीं, बीजेपी भी राज्य में अपना सीएम पहली बार बनते हुए देखना चाह रही है। अब इस लिस्ट में चिराग पासवान का नाम भी जुड़ गया है।
यह भी पढ़े -नवादा राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने प्रचार वाहन रथ को दिखाई हरी झंडी
पोस्टर में लिखे ये नारे
गौरतलब है कि 5 मार्च को नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। इसके बाद सोमवार को पटना की सड़कों पर चिराग पासवान को राज्य का अगला सीएम बनाने की मांग उठी है। पार्टी के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली द्वारा ये बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में पासवान के सिर पर ताज नजर आ रहा है। इसके साथ नारे भी लिखे हुए थे कि उनको ताज पहनाओं, तभी जाकर राज्य का स्वर्ण युग बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनको आशीर्वाद मिला है। बिहार के नए नेता चिराग होंगे और राज्य को चिराग की जरूरत है।
Created On :   10 March 2026 1:05 AM IST












