SIR को लेकर विवाद जारी: 'हवा निकल गई है..', 'INDIA' की वोटर अधिकार यात्रा पर दिलीप जायसवाल का प्रहार, श्रीकांत शिंदे ने किया NDA की जीत का दावा

- SIR पर थम नहीं रहा विवाद
- बिहार की गरमाई सियासत
- राहुल गांधी पर एनडीए का निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधासभा चुनाव से पहले INDIA ब्लॉक की वोटर अधिकार यात्रा जारी है। यह यात्रा एसआईआर और चुनाव आयोग के खिलाफ निकाली जा रही है। इलेक्शन कमीशन पर राहुल गांधी (लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष) के आरोपों को लेकर एनडीए के नेताओं का बयान सामने आया है। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे का दावा है कि बिहार चुनाव में एनडीए की ही जीत होगी और राहुल गांधी इस बात को जान गए हैं। दूसरी ओर, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस सांसद बिहार में जो माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे, उसकी हवा निकल चुकी है।
'बिहार में बनेगा NDA का सीएम'
'मतदाता अधिकार यात्रा' को लेकर शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा किराहुल गांधी को लगता है कि लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने जो झूठ फैलाया था, वो थोड़ा काम कर गया, लेकिन अब लोग समझदार हो गए हैं। चुनाव आयोग ने उन्हें खुली चुनौती दी है कि आकर सबूत दिखाएं, लेकिन राहुल गांधी में हिम्मत नहीं है क्योंकि उन्हें पता है कि बिहार में कांग्रेस का मुख्यमंत्री नहीं बनेगा, एनडीए का मुख्यमंत्री बनेगा।
'वह हवा निकल गई'
एसआईआर मुद्दे पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि देश के मतदाताओं ने, खासकर बिहार के मतदाताओं ने, उनके इस आरोप को साफ तौर पर नकार दिया है। राहुल गांधी बिहार में जो माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे, उसकी हवा निकल गई है। जब देश का सर्वोच्च न्यायालय किसी चीज की निगरानी कर रहा है, तो उन्हें उस पर भी भरोसा नहीं है? बिहार के मतदाताओं ने उन्हें नकार दिया है। भारत गठबंधन के लोग सत्ता के लिए बेचैन हैं।
Created On :   25 Aug 2025 4:38 PM IST