इंदौर गरबा विवाद: बच्ची से कथित बदसलूकी पर BJP मंडल अध्यक्ष पर FIR, पॉक्सो एक्ट समेत लगाई गंभीर धाराएं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंदौर में बच्ची के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान पर FIR दर्ज हो गई है। यह कार्रवाई शहर की हीरानगर पुलिस ने शनिवार को की। इसके अलावा, मामले में एमपी भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई की है। संगठन की तरफ से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह मामला सामने आने के बाद से लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़े -इंदौर में ₹490 करोड़ के निवेश और 4,000 नौकरियों का वादा पूरा नहीं होने का आरोप, कांग्रेस ने मांगी लोकायुक्त जांच
3 दिन में देना होगा जवाब
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता के खिलाफ दर्ज हुई FIR में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। यह घटना दो दिन पहले, गुरुवार रात की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया था। वहीं, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को नोटिस जारी किया है, जिसका जवाब उन्हें 3 दिनों में देना है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात को शहर के पूर्वी इलाके में एक बड़े गरबा उत्सव का आयोजन हुआ था, जिसमें शामिल होने के लिए बालिका अपने परिवार के साथ पहुंची थी। वह यहां गरबा खेलना चाहती थी, लेकिन उसे प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया। इस बात को लेकर आयोजन की व्यवस्था संभालने वाले कार्यकर्ताओं से बहस शुरू हो गई। बालिका के साथ पहुंचे लोगों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी बदसलूकी करने की बात बताई जा रही है।
यह भी पढ़े -कॉमनवेल्थ के वैश्विक मंच पर गूंजेगी इंदौर की आवाज, महापौर भार्गव स्टीयरिंग कमेटी में शामिल
पुलिस ने परिवार की तलाशी
घटना के वीडियो में कमल चौहान बैरिकेडिंग पार कर बालिका के पास पहुंचे। इसके बाद वह उसे पकड़कर धक्का देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह बालिका से 'तू हट जा यहां से' कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। इस पर बालिका ने आपत्ति जताते हुए कहा, 'यह ठीक नहीं है।'
वहीं, दूसरी तरफ वीडियो वायरल होने के बाद हीरानगर पुलिस ने बालिका और उसके परिवार की तलाश शुरू की। इसके बाद शिकायत के आधार पर शनिवार को कमल चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। अब पुलिस ने मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।
Created On :   17 Oct 2026 6:52 PM IST













