Kataria Rape Case: गाजीपुर के कटारिया दुष्कर्म मामले में गरमाई राजनीति, राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा

गाजीपुर के कटारिया दुष्कर्म मामले में गरमाई राजनीति, राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक नाबालिक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी। इस मामले ने राजनीति चोला ओढ़ लिया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक नाबालिक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी। इस मामले ने राजनीति चोला ओढ़ लिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) चीफ और कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरा है। इस बीच पुलिस-प्रशासन ने मामले में तेजी से कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के गांव कटारिया की यह घटना बताई जा रही है। यहां की एक विश्वकर्मा समाज की लड़की से इस प्रकार का काम किया गया है।

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

सपा चीफ अखिलेश यादव ने इस मामले में कहा कि वह 29 अप्रैल को कटारिया गांव जाएंगे, जहां पर वे मृतका के परिवार से मुलाकात करेंगे। इससे पहले सपा का एक डेलिगेशन गांव पहुंचा था, इस दौरान पथराव की खबर मिली थी। शनिवार को सपा मुख्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत की। इस दौरान अखिलेश यादव ने गाजीपुर घटना का जिक्र किया और कहा कि पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, "एक पिता की बेटी की जान चली गई और उसे लालच देने के लिए BJP के नेता वहां पहुंचे हैं, पुलिस भी मौजूद है। सोचिए, वहां जाकर पिता को मनाने की कोशिश की जा रही है।"

प्रस्तावित दौरे पर अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया

अखिलेश यादव का 29 अप्रैल को कटारिया गांव का प्रस्तावित दौरा है। इस पर उन्होंने कहा कि अगर पीड़ित परिवार विशेषकर पिता मना कर देंगे तो वह वहां पर नहीं जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने मीडियाकर्मियों को एक वीडियो भी दिखाया है। इसमें कथित तौर पर पीड़िता के पिता, कुछ बीजेपी नेता और पुलिस कर्मियों के बीच चर्चा होती हुई दिखाई दे रही है।

राहुल गांधी ने इस मामले में किया पोस्ट

इन सबके बीच शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए लिखा, "उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ बलात्कार और निर्मम हत्या, और फिर परिवार को प्राथमिकी दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां, हिंसा। हाथरस, कठुआ, उन्नाव और आज ग़ाज़ीपुर, यह एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी ने न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ दिया।"

उन्होंने आगे दावा किया, "हर बार वही चेहरा-पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी, ग़रीब. हर बार वही सच्चाई-अपराधी को संरक्षण, पीड़ित को प्रताड़ना। हर बार वही चुप्पी-सत्ता की, जिन्हें बोलना चाहिए था।" साथ ही कहा, "दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई हो, परिवार को सुरक्षा मिले, उच्च स्तरीय जांच हो और तुरंत न्याय मिले। मोदी जी, मुख्यमंत्री जी जवाब दीजिए-आपके राज में बेटियां इतनी असुरक्षित क्यों हैं? ऐसे हालात में न्याय माँगा नहीं, छीना जाता है, और हम छीनकर लाएंगे।"

Created On :   26 April 2026 2:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story