Bihar Politics: मांझी के बयान पर PK ने दी प्रतिक्रिया, कहा - 'अगर तेजस्वी यादव शराब पी रहे हैं तो...'

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में कुछ दिनों पहले हुए नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मार्च निकाला है। इस दौरान उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तेजस्वी यादव की मार्च पर अब बांकीपुर विधायक और जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने राजधानी पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव के मार्च से जुड़े सवाल पर जवाब दिया। पीके ने कहा कि विपक्ष के नेता हैं उनको करना ही चाहिए। विपक्ष के नेता हैं, उनका काम ही है। कभी-कभी करते हैं, रोज-रोज करना चाहिए।
पीके ने बीजेपी पर साधा निशाना
बिहार सरकार नौकरी दे रही है, इस पर उन्होंने कहा, "बहुत खुशी की बात है। बिहार में जाति-धर्म और पांच किलो अनाज की बात छोड़कर नौकरी और रोजगार की बात हो रही है तो इससे खुशी की बात और क्या होगी। हम लोग यही तो कह रहे थे। अगर बांकीपुर में एक जगह भाजपा हारेगी तो बिहार में शिक्षा और रोजगार की बात होगी और लोगों को दिख रहा है।"
प्रशांत किशोर ने आगे कहा, "वही सम्राट चौधरी जो कल तक एनकाउंटर, हाफ एनकाउंटर, गमछा देखकर गोली मारो, जाति देखकर गोली मारो की बात कर रहे थे, वो आज रोजगार मेला और पढ़ाई की बात कर रहे हैं। कर पाएंगे कि नहीं कर पाएंगे वो अलग बात है लेकिन चर्चा तो जरूर रोजगार और पढ़ाई की हो रही है। ये बिहार और बिहार के लोगों के लिए अच्छी बात है।"
जीतन राम मांझी के बयान पर दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "जीतन राम मांझी की सरकार है। केंद्र में भी और राज्य में भी और बिहार में शराबबंदी लागू है। अगर तेजस्वी यादव शराब पी रहे हैं और जीतन राम मांझी को खबर है तो उन पर केस करवाकर पकड़ लेना चाहिए।"
क्या आप तेजस्वी यादव को युवाओं का नेता मानते हैं, इस पर उन्होंने कहा, "वो बिहार में पूरे विपक्ष के नेता हैं, युवा के नेता कैसे हैं?" क्या आप तेजस्वी यादव की तरह सड़क पर लोगों को लेकर निकलेंगे, इस सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा, "हमसे ज्यादा तो सड़क पर यहां कोई नहीं घूम रहा है।"
Created On :   19 Aug 2026 11:06 PM IST













