Rajasthan Local Body Elections: निकाय चुनाव में कांग्रेस का डिजिटल प्रयोग, QR कोड से मांगे टिकट के आवेदन, युवाओं पर खास फोकस

निकाय चुनाव में कांग्रेस का डिजिटल प्रयोग, QR कोड से मांगे टिकट के आवेदन, युवाओं पर खास फोकस
राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी ने इस बार टिकट के दावेदारों से आवेदन लेने के लिए नया तरीका अपनाया है।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी ने इस बार टिकट के दावेदारों से आवेदन लेने के लिए नया तरीका अपनाया है। कांग्रेस अब QR कोड के जरिए ऑनलाइन आवेदन ले रही है। पार्टी पहली बार इस तरह की व्यवस्था का प्रयोग कर रही है। इसका उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे जोड़ना है। खास तौर पर पार्टी की नजर युवाओं और पहली बार चुनावी राजनीति में उतरने वाले दावेदारों पर है।

राज्य कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने QR कोड जारी किया। इसके साथ ही टिकट के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पार्टी के मुताबिक, पहले ही दिन 5 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जो दावेदार ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके लिए ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था भी रखी गई है।

ऑफलाइन आवेदन में गलती होने पर क्या होगा?

पार्टी के मुताबिक, अगर किसी दावेदार के ऑफलाइन आवेदन में कोई त्रुटि या तकनीकी समस्या आती है, तो पार्टी कार्यालय की ओर से उसकी जानकारी लेकर ऑनलाइन आवेदन भरकर जमा किया जाएगा। हालांकि, यह सुविधा केवल विशेष परिस्थितियों में ही उपलब्ध होगी।

युवाओं पर कांग्रेस का फोकस

कांग्रेस के इस नए प्रयोग को आगामी नगरीय निकाय चुनाव में युवाओं को जोड़ने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। QR कोड के जरिए दावेदार अपने मोबाइल फोन से सीधे आवेदन कर सकते हैं। इससे आवेदन प्रक्रिया आसान होने के साथ-साथ पार्टी के पास दावेदारों का डेटा भी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा।

पार्टी का खास फोकस युवा और पहली बार चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदारों पर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के मुताबिक, निकाय चुनाव में कम से कम 50 प्रतिशत टिकट युवाओं को देने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस 50 साल तक की उम्र के लोगों को युवा श्रेणी में मानकर चल रही है।

Created On :   20 Aug 2026 12:28 AM IST

Tags

Next Story