राज्यसभा चुनाव: राजस्थान से राज्यसभा जाएंगी सोनिया, आज भरेगी नामांकन, राहुल और प्रियंका होंगे साथ

राजस्थान से राज्यसभा जाएंगी सोनिया, आज भरेगी नामांकन, राहुल और प्रियंका होंगे साथ
  • राजस्थान से राज्यसभा जाएंगी सोनिया गांधी
  • इंदिरा गांधी के बाद राज्यसभा जाने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी
  • 27 फरवरी को होंगे चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव होने में अब कुछ ही समय शेष बचा है ऐसे में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चौंकाने वाला फैसला लिया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया कि सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगी। इस तरह वो राज्यसभा जाने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। उनसे पहले उनकी सास और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी राज्यसभा की सदस्य रह चुकी हैं। सोनिया ने पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली से इस बार लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। वह यहां से साल 2004 से लोकसभा चुनाव लड़ते आ रही हैं। इस बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि सोनिया की जगह प्रियंका गांधी रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

नामांकन भरने के दौरान उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी मंगलवार शाम को ही छत्तीसगढ़ में अपनी भारत जोड़ो यात्रा रोककर दिल्ली पहुंच गए हैं। कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी को पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सीट से राज्यसभा के लिए भेजा जाना तय हुआ है। बता दें कि राज्यसभा सदस्य के रुप में मनमोहन सिंह का कार्यकाल 3 अप्रैल 2024 को खत्म हो रहा है।

राजस्थान में इतनी सीटों पर होंगे चुनाव

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होने हैं, जो कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, भूपेंद्र यादव और किरोड़ी लाल मीणा के स्थान पर खाली हुई हैं। बता दें कि देश की 56 राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी को चुनाव होना है जिसके लिए 15 फरवरी तक नामांकन होना है।

इस वजह से सोनिया ने राजस्थान को चुना

सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा जाने के पीछे का सबसे बड़ा कारण हिंदी भाषी राज्यों में कांग्रेस की कम होती पकड़ को फिर से मजबूत करना है। दरअसल, 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने अमेठी के अलावा केरल के वायनाड से भी लोकसभा चुनाव लड़ा था। जिस पर उनका भारी विरोध हुआ था और वह अमेठी से स्मृति ईरानी के हाथों चुनाव भी हार गए थे।

Created On :   13 Feb 2024 6:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story