UP Politics: काशी की सड़कों पर सीवर का पानी, विदेशी पर्यटक भी परेशान, अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर कसा तंज

काशी की सड़कों पर सीवर का पानी, विदेशी पर्यटक भी परेशान, अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर कसा तंज
वाराणसी के शिवाला इलाके में सीवर का पानी सड़कों और घरों तक पहुंच गया है। विदेशी पर्यटक भी परेशान हुए हैं। इसको लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। वाराणसी में बारिश और सीवर की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भेलूपुर के शिवाला इलाके में सड़क पर गंदा पानी जमा हो गया है। कई जगह पानी घरों के आसपास तक पहुंच गया है। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं, काशी घूमने पहुंचे विदेशी पर्यटक भी इसी गंदे पानी से होकर जाते नजर आए। मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर शहर की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इसके बाद जलकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीवर की समस्या दूर करने का काम शुरू किया है।

शिवाला में घरों तक पहुंचा गंदा पानी

वाराणसी के शिवाला इलाके में सीवर का पानी सड़कों पर भर गया है। आसपास की गलियों में भी गंदा पानी जमा रहा है। अस्सी क्षेत्र में भी कई रास्तों पर जलभराव की परेशानी सामने आई है। लोगों का कहना है कि पानी भरने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। कई घरों के पास तक सीवर का पानी पहुंच गया है। वहीं, काशी घूमने आए विदेशी मेहमानों को भी इसी पानी के बीच से निकलना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

निगम ने खराब पंप कराए ठीक

आपको बता दें कि, शिवाला में समस्या की जानकारी मिलने के बाद जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अधिकारियों ने पूरे इलाके की जांच की। टीम ने पुरानी ट्रंक सीवर लाइन और कोनिया सीवेज पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। जांच में कुछ पंप बंद मिले। इसके बाद संबंधित विभाग के साथ मिलकर खराब पंपों को ठीक कराया गया।

नगर निगम के अनुसार करीब डेढ़ घंटे में पंप दोबारा चलने लगे। इसके बाद सड़कों और गलियों में जमा सीवर का पानी निकाल दिया गया। निगम ने आगे ऐसी परेशानी रोकने के लिए स्थायी ड्रेनेज प्लान बनाने की बात कही है।

Created On :   12 Sept 2026 11:14 AM IST

Tags

Next Story