चेस ओलिंपियाड 2026: भारत ने उज्बेकिस्तान-2 को 3.5-0.5 से हराया, गोल्ड मेडल बस एक कदम दूर

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। उज्बेकिस्तान में खेले जा रहे 46वें चेस ओलिंपियाड में भारतीय मेंस टीम ने 10वें राउंड में शानदार जीत दर्ज की। भारत ने मेजबान देश की दूसरी टीम उज्बेकिस्तान-2 को 3.5-0.5 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम के कुल 17 पॉइंट्स हो गए हैं और वह पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
टूर्नामेंट में अब केवल एक राउंड बाकी है। उज्बेकिस्तान की टीम 18 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर बनी हुई है। ऐसे में भारत के पास आखिरी मुकाबले में गोल्ड मेडल जीतने का मौका होगा। भारतीय टीम को अपना अंतिम मैच हंगरी के खिलाफ खेलना है, जबकि उज्बेकिस्तान की भिड़ंत यूक्रेन से होगी।
यह भी पढ़े -ऑफिसर एंड ए जेंटलमैन आनंद महिंद्रा ने चेस ओलंपियाड में 'बोर्ड 4' पर खेलने के लिए 'जेंटलमैन' गुकेश को सराहा
गुकेश, प्रज्ञानानंद और निहाल ने दिलाई जीत
उज्बेकिस्तान-2 के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश, आर. प्रज्ञानानंद और निहाल सरीन ने अपने-अपने मुकाबले जीते। वहीं, अर्जुन एरिगैसी का मैच ड्रॉ रहा। इसी के साथ भारत ने मुकाबला 3.5-0.5 से अपने नाम कर लिया।
आर. प्रज्ञानानंद ने जाखोंगीर वाहिदोव को हराकर भारत के लिए जीत का खाता खोला। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला काफी देर तक चला। अंतिम चरण में दोनों के पास राजा और हाथी बचे थे। इस स्थिति में प्रज्ञानानंद ने सूझबूझ के साथ चालें चलीं और बाजी अपने नाम कर ली।
दूसरी ओर, अर्जुन एरिगैसी और अब्दिमालिक अब्दिसालिमोव के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। अर्जुन को मैच के दौरान जीत हासिल करने के कुछ मौके मिले, लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा सके। आखिरकार दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जताई।
निहाल सरीन ने मुहम्मदजोखिद सुयारोव के खिलाफ जीत दर्ज की। निहाल ने शुरुआत से ही अपनी स्थिति मजबूत रखी। मुकाबले के दौरान जब उनके प्रतिद्वंद्वी से गलती हुई, तो निहाल ने उसका पूरा फायदा उठाया और जीत हासिल कर ली।
वहीं, डी गुकेश ने ओर्तिक निगमातोव को हराकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। सफेद मोहरों से खेलते हुए गुकेश ने शुरुआत से ही अच्छी स्थिति बनाए रखी। उन्होंने 47 चालों के बाद मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ गुकेश के व्यक्तिगत खाते में 10 मैचों से 8.5 अंक हो गए हैं।
पॉइंट्स टेबल में उज्बेकिस्तान से एक अंक पीछे भारत
10वें राउंड के बाद पुरुष वर्ग की अंक तालिका में उज्बेकिस्तान 18 पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर है। भारत 17 पॉइंट्स लेकर दूसरे नंबर पर है। वहीं, यूक्रेन, जर्मनी और हंगरी के खाते में 16-16 पॉइंट्स हैं।
आखिरी राउंड के मुकाबलों से गोल्ड मेडल की तस्वीर साफ होगी। भारत और उज्बेकिस्तान के बीच फिलहाल केवल एक पॉइंट का अंतर है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए अंतिम मुकाबला बेहद अहम रहने वाला है।
टीम इंडिया को ऐसे हासिल होगा गोल्ड
अगर भारत हंगरी को हरा देता है और उज्बेकिस्तान की टीम यूक्रेन से हार जाती है, तो भारत के 19 पॉइंट्स हो जाएंगे। इस स्थिति में भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी और गोल्ड मेडल जीत सकती है।
वहीं, अगर भारत हंगरी को हरा देता है और उज्बेकिस्तान का मुकाबला ड्रॉ रहता है, तो दोनों टीमों के 19-19 पॉइंट्स हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में गोल्ड मेडल का फैसला टाई-ब्रेक के आधार पर किया जाएगा। इसलिए भारतीय टीम को न केवल अपना मुकाबला जीतना होगा, बल्कि उज्बेकिस्तान और यूक्रेन के मैच के नतीजे पर भी नजर रखनी होगी।
Created On :   27 Sept 2026 1:20 PM IST












