जब तक कोविड-19 नहीं चला जाता ओलम्पिक का होना मुश्किल : आबे

It is difficult to have Olympics unless Kovid-19 goes: Abe
जब तक कोविड-19 नहीं चला जाता ओलम्पिक का होना मुश्किल : आबे
जब तक कोविड-19 नहीं चला जाता ओलम्पिक का होना मुश्किल : आबे

डिजिटल डेस्क, टोक्यो। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा कि अगर कोरोनावायरस के कारण उपजी स्थिति ठीक नहीं होती है तो अगले साल भी ओलम्पिक खेलों का आयोजन करना मुश्किल हो जाएगा। टोक्यो ओलम्पिक इसी साल होने थे लेकिन कोविड-19 के कारण इन्हें एक साल तक के लिए टाल दिया गया। ओलम्पिक से संबंधी सवाल के जवाब में आबे ने कहा कि यह जरूरी है कि खिलाड़ी और दर्शक सुरक्षित महसूस करें और इसके लिए जरूरी है कि वायरस को रोका जाए।

सीएनएन ने आबे के हवाले से लिखा है, हम लगातार कहते आ रहे हैं कि ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों का आयोजन तभी होना चाहिए जब सभी इसमें सुरक्षित होकर भाग ले सकें। अगर कोरोनावायरस नहीं जाता है तो इस तरह से खेल आयोजित कराना नामुमकिन होगा।

इससे पहले टोक्यो ओलम्पिक की आयोजन समिति के अध्यक्ष ने कहा था कि अगर खेलों में और देरी होती है तो फिर इन्हें रद्द कर देना चाहिए। योशिइरो मोरी से जब खेलों को आगे बढ़ाने के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, इस स्थिति में ओलम्पिक को रद्द कर देना चाहिए।

टोक्यो ओलम्पिक का आयोजन इसी साल 24 जुलाई से नौ अगस्त के बीच होना था लेकिन इस वैश्विक महामारी के कारण इन खेलों को एक साल के लिए टाल दिया गया है। अब यह खेल 23 जुलाई से आठ अगस्त के बीच खेले जाएंगे।

 

Created On :   29 April 2020 12:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story