बाज़ नहीं आ रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान, पंत से बोले- क्या मेरे बच्चों की देखभाल कर लोगे

tim paine sledging on rishabh pant bbl dhoni is back
बाज़ नहीं आ रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान, पंत से बोले- क्या मेरे बच्चों की देखभाल कर लोगे
बाज़ नहीं आ रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान, पंत से बोले- क्या मेरे बच्चों की देखभाल कर लोगे
हाईलाइट
  • ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान और विकेटकीपर टिम पेन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं।
  • तीसरे टेस्ट मैच में भी पेन ने भारतीय बल्लेबाजों को 'स्लेजिंग' का शिकार बनाया।
  • पेन ने पंत को कहा कि क्या वह उनके बच्चे की देखभाल कर लेंगे।

डिजिटल डेस्क, मेलबर्न। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान और विकेटकीपर टिम पेन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भी उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को "स्लेजिंग" का शिकार बनाया। मैच के तीसरे दिन जब विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत मैदान पर उतरे तो, पेन ने विकेट के पीछे से पंत को अपनी टिप्पणियों से परेशान कर दिया। पेन ने पंत को कहा कि अगर वह अपनी पत्नी के साथ घुमने जाते हैं, तो क्या वह उनके बच्चे की देखभाल कर लेंगे। इसके अलावा पेन ने पंत को बिग बैश लीग खेलने के लिए भी आमंत्रित किया।

पेन का यह स्लेजिंग काफी वायरल हो रहा है। लोग पेन और पंत को ट्रोल कर रहे हैं। दरअसल तीसरे दिन जब हनुमा विहारी, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा आउट हो गए, तब पंत क्रीज पर उतरे। उस वक्त पेन ने पंत को छेड़ने का सोचा और स्लेजिंग शुरू कर दिया। पेन ने कहा, "जानते हो, वनडे टीम के लिए महेंद्र सिंह धोनी आ गए हैं। इस लड़के (ऋषभ पंत) को हरिकेंस हॉबर्ट की टीम में शामिल कर लेना चाहिए। वैसे भी हमें हरिकेंस में एक बल्लेबाज की जरूरत है। एक काम करो पंत, ऑस्ट्रेलिया में अपने हॉलिडे को बढ़ा लो। हॉबर्ट खूबसूरत शहर है। इसे एक वाटर फ्रंट अपार्टमेंट दिलवाते हैं।" 

 

 

इतना ही नहीं पेन ने इसके आगे भी स्लेजिंग जारी रखा। पेन ने कहा, "मैं अपने बीवी को डिनर पर ले जाऊंगा। क्या तुम मेरे बच्चों का ख्याल रखोगे?  क्या मैं अपनी पत्नी को मूवी के लिए ले जा सकता हूं, तुम मेरे बच्चों का ख्याल रखना।" यह पहली बार नहीं है, जब पेन किसी भारतीय खिलाड़ी को स्लेज कर रहे हैं। इसी टेस्ट की पहली पारी में जब रोहित शर्मा बैटिंग कर रहे थे, तो पेन ने कहा था, "अगर इस गेंद पर छक्का मारोगे, तो मैं IPL में मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करने को तैयार हूं।" वहीं दूसरे टेस्ट के दौरान उनके और भारतीय कप्तान कोहली के बीच बहस हुई थी।

बता दें कि भारत के पूर्व कप्तान और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी को आगामी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। वहीं ऋषभ पंत को टीम से बाहर कर दिया है। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में धोनी की वापसी हुई है। हालांकि टी20 टीम में धोनी के साथ पंत भी शामिल हैं। धोनी को वेस्ट इंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था।

Created On :   28 Dec 2018 5:43 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story