PBKS vs DC Match Preview: IPL में आज पंजाब Vs दिल्ली, कैपिटल्स के पास हिसाब बराबर करने का मौका, पिच रिपोर्ट से लेकर मौसम तक यहां जानें सब कुछ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। IPL 2026 में सोमवार को सीजन का 55वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। मुकाबला धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से होगा। दिल्ली के पास पंजाब से हिसाब बराबर करने का मौका होगा, क्योंकि उसे पिछले मुकाबले में किंग्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत के बाद पंजाब लगातार तीन हार से दबाव में है। टीम पिछले 3 मैच हारकर आ रही है। दूसरी ओर दिल्ली प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर है। उसने पिछले छह में से पांच मैच गंवा दिए हैं और अब पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है।
दोनों टीमें 36वीं बार आमने-सामने होंगी
दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मैच खेले गए हैं। PBKS ने 18 और DC ने 16 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा, जिसे पंजाब ने जीता। पिछले सीजन का मुकाबला भी पंजाब ने जीता था। पंजाब किंग्स के लिए टूर्नामेंट का दूसरा हाफ उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम की सबसे बड़ी समस्या खराब फील्डिंग और डेथ ओवर्स में रन लुटाना है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने संकेत दिए हैं कि टीम अब अगले सीजन की तैयारी पर ध्यान दे रही है।
पिच रिपोर्ट
धर्मशाला का मैदान तेज आउटफील्ड और गेंदबाजों को मिलने वाली उछाल के लिए जाना जाता है। यहां IPL के 14 मैच खेले गए हैं। इनमें 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 5 बार चेज करने वाली टीम को जीत मिली है।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 जीत के साथ अंक तालिका में टॉप पर आरसीबी, एलएसजी और एमआई प्लेऑफ की रेस से बाहर
मौसम रिपोर्ट
दिन में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन मैच पर ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। शाम के समय तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
दोनों टीमों की पॉसिबल-12
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोयनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, शशांक सिंह, मार्को यानसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाख।
दिल्ली कैपिटल्स: पाथुम निसांका, केएल राहुल, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार।
Created On :   11 May 2026 1:14 PM IST












