India vs Sri Lanka 1st Test: गॉल टेस्ट में भारत की जीत, श्रीलंका को 165 रन से चटाई धूल, मानव सुथार ने लिए 10 विकेट, देवदत्त पडिक्कल का शतक

गॉल टेस्ट में भारत की जीत, श्रीलंका को 165 रन से चटाई धूल, मानव सुथार ने लिए 10 विकेट, देवदत्त पडिक्कल का शतक
भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला गया। जिसे इंडियन क्रिकेट टीम ने जीत लिया है और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर अपना 600वां टेस्ट जीता।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला गया। जिसे इंडियन क्रिकेट टीम ने जीत लिया है और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर अपना 600वां टेस्ट जीता है। बता दें कि, 372 रन के टारगेट का पीछा कर रही श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की जीत के हीरो मानव सुथार रहे। उन्होंने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी समेट दी।

मानव सुथार ने दिखाया बॉलिंग का दम

मानव सुथार ने टोटल 10 विकेट लिए और दूसरी पारी में 6 विकेट अपने नाम किए। मानव सुथार ने श्रीलंका की दूसरी पारी के 75वें ओवर में 3 विकेट लेकर मैच का रुख भारत के पक्ष में कर दिया। पहले उन्होंने सेट बल्लेबाज सोनल दिनुषा को 84 रन पर आउट किया, फिर प्रभात जयसूर्या को पहली गेंद पर बोल्ड किया और अगली गेंद पर लहिरू कुमारा को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया।

भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे। देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका 284 रन पर ऑलआउट हुआ। भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए और श्रीलंका को 372 रन का टारगेट दिया था। श्रीलंका की टीम ने पांचवें दिन चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरू किया और 122 रन बनाने में बाकी के छह विकेट गंवा दिए। कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा ने शानदार बल्लेबाजी की और पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी निभाई। धनंजय को रवींद्र जडेजा ने पवेलियन भेजा। वह सात चौके की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद श्रीलंका की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। निरोशन डिकवेला 10 रन, केशारा नुवांथा 20 रन बनाकर आउट हुए।

प्रभात जयसूर्या और लाहिरू कुमारा खाता नहीं खोल सके। सोनल दिनुषा आठ चौके और एक छक्के की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले चौथे दिन श्रीलंका की दूसरी पारी में निशान मदुष्का छह रन, लाहिरू उदारा 16 रन और कामिंदु मेंडिस दो रन बनाकर आउट हुए थे। दिनेश चांदीमल के कन्कशन सब्सटीट्यूट के तौर पर आए पासिंदु सूरियाबंदारा खाता नहीं खोल सके थे। भारत की ओर से सुथार के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट झटके। वहीं, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला। इस जीत के साथ टीम इंडिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।

लगातार नौवीं जीत

यह टेस्ट इतिहास में भारत की श्रीलंका पर लगातार नौवीं जीत है। श्रीलंका को आखिरी बार टीम इंडिया पर 2015 में टेस्ट में जीत मिली थी। उसके बाद 11 मैचों में टीम इंडिया ने 9 जीते हैं और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। श्रीलंका पिछले 11 सालों से भारत को हरा नहीं पाया है।

Created On :   19 Aug 2026 1:30 PM IST

Tags

Next Story