ENG Vs PAK: इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट में दिखा अनोखा नजारा, गेंद को काटकर दो खिलाड़ियों में बांटी गई

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 19 अगस्त से लीड्स में खेला जा रहा है। मुकाबले के पहले दिन मेजबान टीम के गेंदबाजों से शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 171 रन पर समेट दिया। वहीं, स्टंप तक इंग्लिश टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 112 रन बना लिए हैं।
क्यों हुए गेंद के दो हिस्से?
इंग्लिश तेज गेंदबाज जोश टंग और ओली रॉबिन्सन ने 5-5 विकेट झटककर पाकिस्तान की बैटिंग लाइन-अप को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद गेंद को दो हिस्सों में काटा गया और एक हिस्सा टंग व दूसरा रॉबिन्सन को दे दिया गया। दरअसल, क्रिकेट में 5 विकेट लेने पर गेंदबाज गेंद को अपने पास रख लेता है। लेकिन जब एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट झटके तो फिर सवाल पैदा हुआ कि अब किस गेंदबाज को गेंद सौंपी जाएगी?
इसके बाद दोनों गेंदबाजों ने बातचीत करके एक अनूठा समाधान निकाला। जोश ने गेंद को दो टुकड़े में बांटने का आइडिया दिया। इसके बाद गेंद को काटकर उसका एक हिस्सा टंग ने जबकि दूसरा रॉबिन्सन ने रख लिया।
यह भी पढ़े -भारत बनाम श्रीलंका कोलंबो में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? 2017 में मिली थी धमाकेदार जीत
दो दशक पहले भी हुआ था ऐसा
इंग्लैंड क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब एक ही पारी में दो गेंदबाजों ने 5-5 विकेट झटके हों। इसके पहल साल 2006 में भी ऐसा हुआ था। तब पाकिस्तान के खिलाफ मेनचेस्टर टेस्ट में इंग्लैंड के स्टीव हार्मिसन और मोंटी पनेसर ने 5-5 विकेट झटके थे। हालांकि तब गेंद को दो हिस्सों में नहीं काटा गया था।
क्या बोले टंग?
इस घटना पर जोश टंग ने कहा कि ओली रॉबिंसन ने उनसे कहा था कि हम गेंद को दो टुकड़ों में बांट सकते हैं। इसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने गेंद को बीच में से काटकर दो हिस्सों में विभक्त कर दिया। टंग ने बताया कि उन्होंने ऐसा पहली बार देखा और वह इस आधे टुकड़े को अपने पास रखेंगे। उन्होंने कहा, 'ये कुछ नया था, जिसे हम कभी नहीं भूल पाएंगे।'
Created On :   20 Aug 2026 3:34 PM IST







