Andhra Pradesh: ‘अर्नब’ के कहर के बाद एक्शन मोड में CM नायडू, प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, मुआवजे की घोषणा

‘अर्नब’ के कहर के बाद एक्शन मोड में CM नायडू, प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, मुआवजे की घोषणा

डिजिटल डेस्क, अमरावती। चक्रवाती तूफान 'अर्नब' इन दिनों भारत के कई राज्यों में भारी तबाही मचा रहा है। इसी बीच आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार (29 अक्टूबर) को तूफान से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने तूफान से क्षतिग्रस्त फसलों का निरीक्षण किया और किसानों को हिम्मत दी। पुनर्वास केंद्रों में रह रहे प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

बंगाल की खाड़ी से उठा यह भीषण चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यनम (पुदुचेरी) के तटीय इलाकों से टकराया था, जिसके बाद से देश के कई राज्यों में इसका गहरा असर दिख देखने को मिला।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कोनसीमा जिले के मुम्मिडिवरम विधानसभा क्षेत्र के गच्चकायालपोर गांव में मीडिया कॉन्फ्रेंस कर सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘तूफान प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की टीमें शुक्रवार को आंध्र प्रदेश पहुंचेंगी। शुरुआती आकलन के अनुसार, अरनब तूफान के कारण राज्य को लगभग 4,600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। विस्तृत आकलन के बाद नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है।’

उन्होंने कहा, ‘अरनब तूफान से राज्य को हुए नुकसान के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की गई है। हमने राज्य की मौजूदा स्थिति और सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी केंद्र सरकार को दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि शुक्रवार को केंद्रीय टीम आंध्र प्रदेश भेजी जाएगी।’

चंद्रबाबू नायडू ने कहा, ‘तूफान से हुए शुरुआती नुकसान की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी गई है। प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पर ही वास्तविक स्थिति का पता चलता है। इसी वजह से मैं जमीनी स्तर पर हालात का जायजा लेने पहुंचा हूं। नारियल के प्रत्येक पेड़ के लिए 1,500 रुपये और ऑयल पाम के प्रत्येक पेड़ के लिए भी 1,500 रुपये की सहायता दी जाएगी। पुनर्वास केंद्रों से घर लौटने वाले प्रत्येक प्रभावित परिवार को 25 किलो चावल, आवश्यक वस्तुओं का एक पैकेट और खर्च के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।’

Created On :  

Tags

Next Story