विजयनगरम से मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना: पीएम ने कहा पहले एक ही फैमिली के नाम पर रखे जाते थे एयरपोर्ट के नाम, आंध्रप्रदेश को दी बड़ी सौगात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार 1 अगस्त को आधंप्रदेश के विजयनगरम ज़िले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम ने जनसभा को भी संबोधित किया, उन्होंने कहा यह एयरपोर्ट आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है। यह आंध्र के युवाओं के बेहतर भविष्य का लांच पैड है। मैं आंध्र प्रदेश के लोगों को बहुत बधाई देता हूं। एयरपोर्ट 5,640 करोड़ रुपये की लागत से बना अत्याधुनिक ग्रीनफ़ील्ड एयरपोर्ट, हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगा।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर मुख्तार अब्बास नकवी बोले- कुछ लोग सामंती अहंकार से ग्रसित
प्रधानमंत्री ने आगे कहा बीते 12 वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर ने असाधारण प्रगति की है। 2014 तक देश में केवल 74 एयरपोर्ट ऑपरेशनल थे, आज ये संख्या 166 है। एक समय था, जब हवाई उड़ाने सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित थी, NDA सरकार में आज छोटे शहर के साधारण लोग भी फ्लाइट से आ-जा रहे हैं। एयरपोर्ट टर्मिनल का डिजाइन चुट्टिलु' कॉटेज, अराकू वैली और 'फ्लाइंग फिश' से प्रेरित होकर किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इशारों ही इशारों में विपक्षी राजनीतिक दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे। हमने इस परंपरा को बदला। हमने अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम वाल्मीकि के नाम से जोड़ा। हमने पंजाब में संत रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट का नाम जोड़ा और केंद्र की NDA सरकार ने ये निर्णय किया है कि इस नए एयरपोर्ट का नाम अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा।
Created On :   1 Aug 2026 4:40 PM IST












