वादे पर बवाल: भाजपा नेता किरोड़ीलाल के दौसा से पार्टी के चुनाव हारने पर मंत्री पद से इस्तीफा देने के वादे ने मचाया सियासी बवाल

भाजपा नेता किरोड़ीलाल के दौसा से पार्टी के चुनाव हारने पर मंत्री पद से इस्तीफा देने के वादे ने मचाया सियासी बवाल
  • किरोड़ीलाल मीणा देंगे इस्तीफा!
  • चुनावी रैली में दिए बयान पर सियासत तेज
  • पार्टी से नाराजगी की अटकलें तेज

डिजिटल डेस्क, जयपुर। देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के बीच सभी दल और उनके नेता अपनी पार्टी को जीताने के लिए कड़ी मश्क्कत कर रहे हैं। इसी बीच राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता किरोड़ीलाल मीना ने एक बड़ी घोषणा कर दी है। चुनावी सभा के दौरान कही गई उनकी बातों से सियासी तहलका मच गया है। उन्होंने ऐलान किया है कि अगर भाजपा दौसा सीट से नहीं जीतती है तो वह मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। ताजा घोषणा के कारण किरोड़ीलाल और पार्टी पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बीच राजस्थान की सियासत में किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफे वाले बयान के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। क्या किरोड़ीलाल मीना को पहले से पता है कि पार्टी दौसा से चुनाव जीतने वाली है? या फिर, क्या किरोड़ीलाल पार्टी से नाराज है?

क्या है पूरा मामला?

किरोड़ी लाल मीणा ने दौसा लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों से वादा किया है कि, "अगर भाजपा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीना दौसा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव नहीं जीतते हैं, तो मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।" उन्होंने आगे कहा, "मेरा यह वादा पार्टी और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से है, और जो वादा किया है, उसे निभाऊंगा।"

दरअसल, लोकसभा चुनाव के टिकट के बंटवारे के दौरान ये बात काफी चर्चा में थी कि किरोड़ीलाल पार्टी से दौसा लोकसभा सीट की टिकट अपने भाई जगमोहन मीना के लिये मांग रहे थे। लेकिन पार्टी ने जगमोहन की जगह कन्हैयालाल मीणा को टिकट देने का फैसला किया।

2023 विधानसभा चुनाव में पार्टी के सत्ता में आने के बाद सबसे पहले किरोड़ीलाल ने मंत्री पद की शपथ ली थी। उन्हें मंत्री तो बनाया गया लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो उनके समर्थक किरोड़ीलाल को दिए गए मंत्रालय से नाखुश थे। माना जाता है कि कहीं न कहीं किरोड़ीलाल को भी ये बात खली थी। किरोड़ी लाल को उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें किसी बड़े विभाग की बागडोर सौंपेगी। अब शायद वही नाराजगी धीरे-धीरे सामने आ रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?

किरोड़ी लाल मीना के मंत्री पद से इस्तीफा वाले वादे के बाद से कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। कयास लगाया जा रहा है कि वो पार्टी से नाराज चल रहे हैं और इसी वजह से इस्तीफा देने की बात कह रहे हैं। किरोड़ीलाल की नाराजगी को लेकर जब राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "किरोड़ीलाल किसी भी बात से नाराज नहीं है। उन्होंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि उन्हें पूरा भरोसा है कि पार्टी दौसा से चुनाव जरूर जीतेगी। कोई इस्तीफा नहीं होने वाला है। सभी खुश हैं।"

Created On :   6 May 2024 11:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story