अजब गजब: जीजा ने फोड़ी साले की आंख, पुलिस ने दर्ज किया मामला

डिजिटल डेस्क, सतना। सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत बजरहा टोला में जीजा ने साले पर हमला कर दिया, जिससे उसकी आंख पर गंभीर चोट आ गई। पीडि़त को इलाज के लिए चित्रकूट भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मिथुन पुत्र गोविंद चौधरी 28 वर्ष, की बहन शशि का विवाह 7 साल पहले छतरपुर जिले के खजुआ-राजनगर निवासी महेश चौधरी के साथ किया गया था।
लेकिन कुछ समय बाद तबीयत खराब होने पर ससुराल वालों ने इलाज नहीं कराया, ऐसे में उसे मायके लाकर माता-पिता ही देखभाल करने लगे। 5 दिन पूर्व जीजा महेश भी बजरहा टोला आ गया और शशि को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। ऐसे में सभी ने उसे सतना में ही रहने का सुझाव दिया, लेकिन वह नहीं माना।
लकड़ी के टुकड़े से किया हमला
रविवार रात को इसी बात पर बहस हो गई, तब आरोपी महेश ने गाली-गलौज करते हुए जलाऊ लकड़ी का टुकड़ा उठाकर साले मिथुन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी दायीं आंख जख्मी हो गई और खून बहने लगा। जिला अस्पताल में उपचार के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो उसे रीवा रेफर कर दिया गया, हालांकि परिवार के लोग पीडि़त को चित्रकूट ले गए हैं। उधर घटना के बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
Created On :   24 July 2024 5:30 PM IST













