- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- 589 हैक्टेयर वन भूमि से हटाया...
589 हैक्टेयर वन भूमि से हटाया अतिक्रमण, अब लगेगा सागौन का जंगल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। धार वन मंडल के 7 वन परिक्षेत्रों में जनवरी से मई के बीच 589.63 हैक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण हटाया है, अब यहां सागौन का जंगल लगाया जाएगा। इसमें वन परिक्षेत्र धार में 100.55 हैक्टेयर, धामनोद में 35.10 हैक्टेयर, मांडव में 50.78 हैक्टेयर, सरदारपुर में 50.62 हैक्टेयर, टांडा में 93.76 हैक्टेयर, बाग में 202.82 हैक्टेयर और कुक्षी में 56.00 हैक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। अब यह जमीन वन विभाग के संरक्षण में ले ली गई।
अब इस पर पुनर्वनीकरण कर वन लगाया जाएगा। यहां सागौन रूट-शूट की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को वैज्ञानिक पद्धति से सागौन रूट-शूट रोपण, पौध संरक्षण एवं रखरखाव का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
वन विभाग ने क्षेत्रीय लोगों से भी अपील की है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करें। डीएफओ विजयानंथम टीआर ने चेतावनी दी है कि दोाबारा कोई अतिक्रमण करता है तो आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
Created On :   10 July 2026 1:47 AM IST













