- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- 'वागदेवी भोजपाल' कहलाएगा...
MP News: 'वागदेवी भोजपाल' कहलाएगा 'बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय', नाम बदलने का प्रस्ताव पारित, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के 'बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय' का नाम बदलकर 'वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय' किया जा सकता है। विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद ने संस्थान का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के मुताबिक अंतिम निर्णय के लिए यह प्रस्ताव राज्यपाल व कुलाधिपति मंगूभाई पटेल के पास भेजा जा रहा है। क्योंकि शासन स्तर से ही इसके नाम बदलने का नोटिफिकेशन जारी होगा।
विश्वविद्यालय स्वतंत्रता सेनानी प्रोफेसर मौलाना बरकतुल्लाह के नाम पर है। 1970 में स्थापना हुई थी, तब उस समय इसका नाम भोपाल विश्वविद्यालय था। साल 1988 में नाम बदलकर बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय कर दिया गया।
परिषद के सदस्य ने किया विरोध
यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. एस. बी सिंह ने मीडिया को बताया कि नाम बदलने का मकसद इलाके की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत और परमार वंश के राजा भोज के बौद्धिक योगदान को सम्मान देना है। प्रस्ताव में मौलाना बरकतुल्लाह को लेकर लिखा गया कि वे भोपाल में पैदा हुए, पढ़ाई भी यहीं की, लेकिन उन्होंने अपने जीवन का ज्यादातर हिस्सा विदेशों में बिताया। वे उर्दू, पर्शियन तथा अंग्रेज़ी एवं इस्लाम के विद्वान थे. भारत की स्वतंत्रता के लिए गदर पार्टी में भी उन्होंने काम किया।
यह भी पढ़े -भोपाल स्लॉटर हाउस को लेकर ईओडब्ल्यू को कांग्रेस देगी साक्ष्य, जांच एजेंसी के जानकारी मांगने से कांग्रेस के सवालों की हुई पुष्टि- पटवारी
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि विश्वविद्यालय कार्यपरिषद के सदस्य डॉ. ताहिरा अब्बासी ने बैठक में लिए गए इस फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इसका नाम स्वातंत्रता सेनानी की स्मृति में रखा गया है, इस वजह से उसे बदलना सही नहीं होगा। प्रोफेसर अब्बासी ने इसकी जगह सुझाव दिया कि अगर नया ही देना है तो उसके लिए अलग विश्वविद्यालय बनाया जाए।
कांग्रेस ने जताई आपत्ति
इस फैसले पर विपक्षी दल कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख मुकेश नायक ने कहा कि नाम बदलने की जगह विश्वविद्यालय की पढ़ाई व प्रशासन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।
Created On :   4 Jun 2026 4:31 PM IST








