राज्यसभा चुनाव 2026: काउंटडाउन जारी, नामांकन के चार दिन बाकी, प्रत्याशियों के नाम से चौकाएंगे बीजेपी-कांग्रेस, या चर्चित चेहरों पर लगेगी मुहर

काउंटडाउन जारी, नामांकन के चार दिन बाकी, प्रत्याशियों के नाम से चौकाएंगे बीजेपी-कांग्रेस, या चर्चित चेहरों पर लगेगी मुहर
सियासी गलियारों में भले ही कुछ नाम उछल रहे है, लेकिन अगले कुछ दिन में ये तस्वीर भी साफ हो जाएगी। अब देखना है कि बीजेपी-कांग्रेस किसी नए नाम पर मुहर लगाकर चौंकाएंगी या चर्चित चेहरों की ही एंट्री होगी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन का आज चौथा दिन है, आज के बाद चार दिन और बचे है। नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून है, लेकिन अभी तक सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी दल कांग्रेस ने एक भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही दल अगले एक-दो दिन में प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर सकते है। कुछ राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बीजेपी-कांग्रेस दोनों ही दल वेट एंड वॉच की स्थिति में है।

आपको बता दें तीन सीट में दो सीट बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है, कांग्रेस वाली तीसरी सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार उतरने से ही सियासी खींचतान जैसी स्थिति पैदा हो जाएगी।

कांग्रेस -बीजेपी दोनों ही दलों के दिग्गज नेता टिकट की कतार में दिल्ली में डटे हुए है। अब देखना है कि राज्यसभा के गेट से कांग्रेस -बीजेपी किस राजनेता को संसद के उच्च सभा में भेजती है। सियासी गलियारों में भले ही कुछ नाम उछल रहे है, लेकिन अगले कुछ दिन में ये तस्वीर भी साफ हो जाएगी। अब देखना है कि बीजेपी-कांग्रेस किसी नए नाम पर मुहर लगाकर चौंकाएंगी या चर्चित चेहरों की ही एंट्री होगी। हालांकि बीजेपी के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी युवा क्षत्रिय समुदाय और आरक्षित कार्ड खेलकर नए चेहरे पर दांव लगा सकती है। खबर ये भी सामने आ रही है कि बीजेपी नए चेहरों के तौर पर एससी व एसटी वर्ग से आने वाले किसी टीचर को तीसरी सीट पर उम्मीदवार बना सकती है। क्योंकि कई मुद्दों को लेकर समय समय पर टीचर्स के समूह राज्य सरकार के प्रति गुस्सा जाहिर कर चुके है।

चर्चित चेहरों की बात की जाए तो कांग्रेस से बीजेपी में आए सुरेश पचौरी, कैलाश विजयवर्गीय, डॉ नरोत्तम मिश्रा, अनूप मिश्रा, अरविंद भदौरिया, जबकि बाहरी राज्यों से मौका मिलता है तो तरूण चुघ, जॉर्ज कुरियन के नाम शामिल है, जबकि कांग्रेस में दिग्विजय सिंह पहले ही राज्यसभा ना जाकर राज्य संगठन को मजबूत करने की बात कह चुके है। बीते चुनाव में उनके साथ एससी वर्ग से फूल सिंह बरैया को चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन इस बार बरैया भांडेर से विधायक है। ऐसे में उनके फिर से उम्मीदवार बनाने की उम्मीद कम है, हालांकि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को करना है। ऐसे में कांग्रेस की तरफ से एससी वर्ग से युवा चेहरे के तौर पर प्रदीप अहिरवार जबकि वरिष्ठता में सज्जन सिंह वर्मा और ओबीसी वर्ग से कमलेश्वर पटेल, अरूण यादव का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा है।

Created On :   4 Jun 2026 3:32 PM IST

Tags

Next Story