Bihar News: 'टीचर पढ़ाता है, पॉपुलारिटी नहीं...', खान सर पर तेज प्रताप यादव ने साधा निशाना

टीचर पढ़ाता है, पॉपुलारिटी नहीं..., खान सर पर तेज प्रताप यादव ने साधा निशाना
बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने खान सर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि शिक्षक पढ़ाता है, ना कि अपनी पॉपुलारिटी करता है।

डिजिटल डेस्क, पटना। खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना को लेकर बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस मामले पर उन्होंने खान सर पर बड़ा आरोप भी लगाया है। साथ ही उनकी कार्यशैली को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि टीचर पढ़ाता है ना कि पॉपुलारिटी करता है।

पढ़ाई से ज्यादा चर्चा में रहने की कोशिश- तेज प्रताप

मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि खान सर का ध्यान पढ़ाने से ज्यादा खुद को चर्चा में बनाए रखने पर रहता है। उनका कहना था कि एक शिक्षक का काम छात्रों को शिक्षा देना होता है, न कि लगातार प्रचार और दिखावे में लगे रहना। तेज प्रताप ने कहा कि शिक्षक को शांति से अपना काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर खुद को ज्यादा सुर्खियों में रखने की कोशिश करते हैं और इसी वजह से अक्सर विवादों में बने रहते हैं।

राजनीति में दिलचस्पी का लगाया आरोप

पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि खान सर की रुचि केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि खान सर राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं और उनकी गतिविधियों से ऐसा ही दिखाई देता है। उन्होंने ये भी कहा कि खान सर का झुकाव राजनीतिक मामलों की तरफ ज्यादा नजर आता है, जिसकी वजह से वह लगातार सार्वजनिक बहस का हिस्सा बने रहते हैं।

कानून-व्यवस्था पर भी उठे सवाल

कोचिंग सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच तेज प्रताप यादव ने कहा कि सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Created On :   4 Jun 2026 6:30 PM IST

Tags

Next Story