CJP Press Conference: प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर चर्चा में चिट्ठी, सांसद मनोज झा पर उठ रहे सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में 3 जून को आयोजित हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद मनोज झा की एक चिट्ठी काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। ये कार्यक्रम कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया गया था, इसके लिए जगह उपलब्ध कराने को लेकर मनोज झा ने क्लब प्रशासन को पत्र लिखा था। हालांकि इस पत्र में कहीं भी कॉकरोच जनता पार्टी का नाम दर्ज नहीं है। पत्र में केवल पत्रकार सौरभ दास के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम उसी अनुरोध के आधार पर आयोजित किया गया।
यह भी पढ़े -भारत-यूके साझेदारी को नई मजबूती क्रिटिकल मिनरल्स सप्लाई चेन ऑब्जर्वेटरी सेंटर का हुआ शुभारंभ
अभी तक नहीं आया कोई जवाब
चिट्ठी सामने आने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अब तक मनोज झा की ओर से इस मामले में कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। इधर सौरभ दास को हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। इसी वजह से यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।
6 जून को प्रदर्शन की तैयारी
पार्टी ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन को कई चर्चित सामाजिक और सार्वजनिक हस्तियों का समर्थन मिल रहा है। साथ ही पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके के अमेरिका से दिल्ली पहुंचने पर उनके स्वागत की भी तैयारियां की जा रही हैं।
यह भी पढ़े -सीएम सम्राट चौधरी के सरकारी आवास को लेकर बड़ा फैसला, अब मुख्यमंत्री आवास से नहीं जुड़ेगा 5 देशरत्न मार्ग वाला बंगला
पत्र में क्या लिखा था?
मनोज झा ने अपने पत्र में कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के निदेशक से अनुरोध किया था कि 3 जून की शाम 5 बजे पत्रकार सौरभ दास को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने इसे एक औपचारिक सिफारिश बताते हुए आवश्यक व्यवस्था करने का भी आग्रह किया था।
संगठन की विचारधारा पर दी प्रतिक्रिया
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में मनोज झा ने कहा था कि जिस संगठन की चर्चा हो रही है, उसकी विचारधारा अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उनका कहना था कि जब तक किसी संगठन की वैचारिक दिशा साफ न हो जाए, तब तक उस पर अधूरी जानकारी के आधार पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
Created On :   4 Jun 2026 6:04 PM IST







