Faridabad Flyover Accident: फ़रीदाबाद के जेवर एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पलटी क्रेन, कई मजदूर दबे, एक की मौत

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। जिले के पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एक्सप्रेसवे पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य चल रहा था, दोपहर करीब ढाई-तीन बजे गार्डर उठाने में लगी क्रेन अचानक पलट गई, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू किया।
यह भी पढ़े -कहीं अस्पताल में लगी भीषण आग..तो कहीं भरभराकर गिरी बहुमंजिला इमारत, देश में हादसों के नाम रहा जून का पहला गुरुवार
एक मजदूर की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के वक्त 7 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से चार क्रेन की चपेट में आ गए। दो मजदूरों को निकाला जा चुका है, जिनमें से एक की मौत हो गई है। वहीं घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। अभी और मजदूरों के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन को गैस कटर से काटा जा रहा है।
सामने आई हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले इलाके में तेज बारिश हुई थी, जिससे निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी। बारिश रुकने के बाद जब दोबारा काम शुरू हुआ तो गार्डर उठाने में लगी भारी क्रेन अनबैलेंस होकर पलट गई।
वहीं हादसे के बाद फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को रोक दिया है। मौके पर मौजूद पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कहा जा रहा है कि बारिश के कारण जमीन नरम और दलदली हो गई थी, जिससे क्रेन का बैलेंस बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।
Created On :   4 Jun 2026 9:29 PM IST







