Black Thursday!: कहीं अस्पताल में लगी भीषण आग..तो कहीं भरभराकर गिरी बहुमंजिला इमारत, देश में हादसों के नाम रहा जून का पहला गुरुवार

कहीं अस्पताल में लगी भीषण आग..तो कहीं भरभराकर गिरी बहुमंजिला इमारत, देश में हादसों के नाम रहा जून का पहला गुरुवार
देश में जून महीने का पहला गुरुवार हादसों के नाम रहा। कहीं अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लग गई तो कहीं बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस तरह यह दिन देश के लिए 'Black Thursday' साबित हुआ।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश में जून महीने का पहला गुरुवार हादसों के नाम रहा। कहीं अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लग गई तो कहीं बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। इस तरह यह दिन देश के लिए 'Black Thursday' साबित हुआ। देश में अलग-अलग जगह हुए इन हादसों में जहां 5 लोगों की मौत हो, वहीं कई बुरी तरह घायल हो गए। आइए जानते हैं देश में कहां-कहां हुए हादसे...

मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड

आज के दिन का सबसे बड़ा हादसा बिहार में हुआ। मुजफ्फरपुर के यहां के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के ICU में लगी भीषण आग लग गई। हादसे में 5 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कई मरीज घायल हो गए। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है। वहीं राज्य सरकार ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

दिल्ली में गिरी बहुमंजिला इमारत

दिल्ली के करावल नगर इलाके के प्रकाश विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि इमारत में दरार पड़ने के बाद ही इसे खाली करा लिया था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक इमारत के पास यूपी नागरिक विभाग द्वारा नाले के निर्माण और मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी के चलते इमारत में दरार दिखाई देने लगी थीं। इसके बाद एहतियातन तौर पर उसे तुरंत खाली करा लिया गया था।

हैदराबाद में तीन मंजिला शोरूम जला

तेलंगाना राजधानी हैदराबाद के अमीरपेट इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित तीन-मंजिला टेक्सटाइल शोरूम 'KSR फैशन' में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसने पल भर में ही पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, पुलिसकर्मी और नागरिक एजेंसियों के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्य शुरु किया। अधिकारियों के मुताबिक बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है।

बाल-बाल बचे लखनादौन विधायक

मध्य प्रदेश के लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। हादसे में विधायक समेत अन्य 2 लोग घायल हुए हैं। कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह जबलपुर से सिवनी वाले नेशनल हाईवे पर घूरवाड़ा गांव जा रहे थे। इसी दौरान धूमा थाने के हर्बल गार्डन बंजारी हाई स्कूल के सामने एक गाय अचानक गाड़ी के सामने आ गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री वाल से जा टकराई जिससे कार में आग भी लग गई। किसी तरह विधायक, वाहन चालक व सुरक्षा कर्मी कार से निकल आए, लेकिन हादसे में तीनों घायल हो गए।

दिल्ली के नबी करीम इलाके में जला एलपीजी सिलेंडर

मौजूदा समय को देखते हुए यदि दिल्ली को हादसा का शहर कहें तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। बुधवार को मालवीय नगर के होटल में हुए अग्निकांड के बाद आज शहर में दो हादसे हुए। प्रकाश विहार स्थित चार मंजिला इमारत के अलावा दिल्ली के नबी करीब इलाके के एक घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। इस हादसे में घर में मौजूद 4 लोग बुरी तरह झुलस। सभी का इलाज राम मनोहर लोहिया अस्पताल में किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक हादसा सिलेंडर बदलते समय हुआ, रेगुलेटर खोलते समय गैस अचानक लीक होने लगी और उसमें आग लग गई।

Created On :   4 Jun 2026 7:33 PM IST

Tags

Next Story