भोपाल में दुखद घटना: BJP युवा मोर्चा नेता दिव्यऋषि तिवारी की पोल पर करंट लगने से मौत, परिवार के साथ शॉपिंग करने के बाद हुआ हादसा

BJP युवा मोर्चा नेता दिव्यऋषि तिवारी की पोल पर करंट लगने से मौत, परिवार के साथ शॉपिंग करने के बाद हुआ हादसा
राजधानी भोपाल में बीते रविवार को दुखद हादसा हो गया। एमपी नगर स्थित डीबी मॉल में परिवार के साथ खरीदारी करने जा रहे बीजेपी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से मौत हो गई।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में बीते रविवार को दुखद हादसा हो गया। एमपी नगर स्थित डीबी मॉल में परिवार के साथ खरीदारी करने जा रहे बीजेपी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पार करते समय दिव्यऋषि ने सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे को पकड़ लिया। इस खंभे में करंट दौड़ रहा था।

बीजेपी युवा नेता की करंट लगने से मौत

बताया जा रहा है कि दिव्यऋषि तिवारी परिवार के साथ डीबी मॉल में शॉपिंग करने आए थे। उन्होंने परिवार के साथ अपना वाहन सड़क की दूसरी साइड पार्क किया था। इसके बाद जब वह अपने परिवार के साथ शॉपिंग करके लौट रहे थे। तब दिव्यऋषि ने खंभे को पकड़ लिया। जिसके बाद उन्होंने जोरदार बिजली का झटका लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खंभे से एक तार निकला हुआ था। इस तार की वजह से खंभे में करंट दौड़ रहा था। इस हादसे के वक्त दिव्यऋषि की पत्नी को भी करंट लगा था। लेकिन, वह खुद को करंट से बचाने में कामयाब रही।

इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी फौरन मदद के लिए पहुंचे। ट्रैफिक हेड कॉस्ंटेबल जगदीश दांगी ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने दिव्यऋषि तिवारी को मौके पर CPR देने का प्रयास किया। इसके बाद दिव्यऋषि को तत्काल नर्मदा अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टर्स ने उनकी हालात को देखते हुए उन्हें एम्स रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें एम्स लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टर्स ने जांच के बाद दिव्यऋषि तिवारी को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों और तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे के बाद खंभे-तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल

ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने बताया कि परिवार डीबी मॉल में खरीदारी करने आया था और गाड़ी दूसरी तरफ खड़ी थी। सड़क पार करते वक्त खंभे से निकले तार के कारण पति-पत्नी करंट की चपेट में आए। पत्नी किसी तरह बिजली के संपर्क से अलग हो गईं, लेकिन दिव्यऋषि को ज्यादा करंट लगा।

जगदीश दांगी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में यह खंभा मेट्रो या PWD से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए खंभे से निकले तार को अलग करवा दिया है, ताकि वहां दोबारा किसी तरह का खतरा न रहे।

घटना के बाद सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभों और खुले तारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार बताया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Created On :   28 Sept 2026 7:38 PM IST

Tags

Next Story