मौसम अपडेट: MP में बारिश, दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा, आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 28 सितंबर को 18 राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कई जगहों पर तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला और सिरमौर में कुछ जगहों पर बाढ़ की स्थिति बन सकती है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग में भी सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में सफर से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
आपको बता दें कि, आज उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़े -हिमाचल के कुल्लू में 61 एकड़ में फैली अवैध गांजा खेती नष्ट, एनसीबी का पहाड़ों में बड़ा अभियान
दिल्ली और MP का मौसम
दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। दिन का तापमान करीब 31 डिग्री और रात का तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 29 सितंबर को आसमान साफ हो सकता है।
वहीं, मध्य प्रदेश में भी बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पश्चिमी हिस्से में 28 से 30 सितंबर तक बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पानी बरसने की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा।
Created On :   28 Sept 2026 8:33 AM IST







