- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मध्य प्रदेश में 1 मई से शुरू होगा...
जनगणना 2027: मध्य प्रदेश में 1 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे, जानिए पूरी प्रक्रिया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत में जनगणना एक बेहद अहम और बड़े स्तर पर होने वाली प्रक्रिया होती है। जो देश की विकास योजनाओं की नींव तय करती है। इसी को मद्देनजर रखते हुए जनगणना 2027 की तैयारी तेज हो चुकी है। खास बात यह है कि इस बार यह प्रक्रिया पहले से ज्यादा मॉर्डन और डिजिटल होने वाली है। मध्य प्रदेश में इसका पहला चरण 1 मई 2026 से शुरू हो रहा है। जिसमें प्रगणक यानि जनगणना करने वाले घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से जुड़ी जानकारी जुटाएंगे। अगर आपने अब तक स्व-गणना की प्रक्रिया नहीं की है, तो भी चिंता की जरूरत नहीं है।
क्या है जनगणना 2027?
भारत में पहली जनगणना 1872 में हुई थी. इसके बाद 1881 में पहली बार पूरे देश में एक साथ जनगणना कराई गई। जनगणना 2027 इस श्रृंखला की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना होने जा रही है। यह देश और राज्यों के विकास के लिए जरूरी आंकड़े उपलब्ध कराएगी।
यह भी पढ़े -हिमाचल प्रदेश राज्यपाल कविंदर गुप्ता बोले- छात्रों में वैज्ञानिक सोच को विकसित करने की जरूरत
मध्य प्रदेश में कब और कैसे होगा पहला चरण?
मध्य प्रदेश में जनगणना का पहला चरण यानी मकानसूचीकरण और मकानों की गणना का काम 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के जरिए जानकारी दर्ज करेंगे।
इस चरण में मकान की स्थिति, परिवार को मिलने वाली सुविधाएं और परिसंपत्तियों से जुड़े कुल 33 सवाल सभी से पूछे जाएंगे।
डिजिटल जनगणना और स्व-गणना का ऑप्शन
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से हो रही है। लोगों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया गया था, जो 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चला।
मध्य प्रदेश में 29 अप्रैल 2026 तक करीब 5.81 लाख परिवारों ने ऑनलाइन अपनी जानकारी भर दी है। जिन्होंने स्व-गणना की है, उन्हें अपना SE ID प्रगणक को दिखाना होगा।
आपकी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित
जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है। यह डेटा न तो पुलिस, न टैक्स विभाग और न ही किसी जांच एजेंसी के साथ साझा किया जाता है। इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण में किया जाता है।
मध्य प्रदेश में बड़ी टीम करेगी काम
इस बड़े अभियान के लिए मध्य प्रदेश में करीब 1.7 लाख अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसमें प्रगणक, पर्यवेक्षक, ट्रेनर्स और जिला स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
पूरे राज्य में होगा सर्वे
राज्य के 55 जिलों, 425 नगरीय निकायों और 54,923 गांवों में यह कार्य किया जाएगा। इसके लिए करीब 1.37 लाख ब्लॉक बनाए गए हैं, जहां प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे।
सहायता के लिए टोल फ्री नंबर
जनगणना से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है, जो 16 अप्रैल 2026 से चालू है।
Created On :   30 April 2026 4:22 PM IST













