मातम में बदली खुशियां: मध्यप्रदेश के ब्यावरा में बड़ा हादसा, बारातियों से भरी बस पलटी, 3 की मौत 26 घायल, 8 गंभीर

मध्यप्रदेश के ब्यावरा में बड़ा हादसा, बारातियों से भरी बस पलटी, 3 की मौत 26 घायल, 8 गंभीर
इस भीषण सड़क हादसे से दूल्हा और दुल्हन दोनों ही परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक बारातियों से भरी बस धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बताई जा रही है जो मुरैना से उज्जैन जा रही थी। बस में 45 लोग सवार थे।

डिजिटल डेस्क, ब्यावरा। मध्यप्रदेश में राजगढ़ के ब्यावरा के पास बारात लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे, घायलों में से 8 लोगों की हालात अति गंभीर है। घायलों में 4 मासूम बच्चे और 7 महिलाएं भी शामिल है। इस भीषण सड़क हादसे की सूचना जैसे ही शादी परिजनों को मिली तो दूल्हा और दुल्हन दोनों ही परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।

मिली जानकारी के मुताबिक बारातियों से भरी बस धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बताई जा रही है जो मुरैना से उज्जैन जा रही थी। बस में 45 लोग सवार थे। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, बस के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। बस के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। कई यात्री सीटों के बीच फंसे हुए थे।

स्थानीय लोगों ने डायल 100 और एंबुलेंस की सूचना दी, सूचना मिलने पर पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के ब्यावरा सिविल अस्पताल में भर्ती करावाया गया। परिजनों की भीड़ और चीर पुकार से अस्पताल में माहौल गमगीन हो गया। सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और एसडीओपी ब्यावरा अस्पताल पहुंचे।

Created On :   30 April 2026 1:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story