- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- आधी सड़क पर कब्जा, पार्किंग और जाम...
Shahdol News: आधी सड़क पर कब्जा, पार्किंग और जाम बड़ी समस्या

डिजिटल डेस्क,शहडोल। गांधी चौक से लेकर अहिंसा चौक, गुरूनानक चौक तक आधी सड़क पर कब्जा और कुछ दुकानदारों द्वारा सडक़ तक सामान फैलाकर दुकान चलाने का खामियाजा उन नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है जो कार व दोपहिया वाहन में परिवार के साथ खरीदारी के लिए बाजार आते हैं।
इन्हे वाहन पार्किंग के लिए जगह मिलना बड़ी चुनौती साबित हो रही है। अहिंसा चौक से गुरूनानक चौक के बीच तो आधी सड़क पर वाहन खड़े हो जाने के बाद आवागमन में भी वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इन स्थानों पर जाम अब बड़ी समस्या
> गांधी चौक से अहिंसा चौक के बीच
> गांधी चौक से एमएलबी स्कूल के बीच
> स्टेशन रोड पर जैन मंदिर से पुराना गांधी चौक
> बुढ़ार चौक से बस स्टैंड रोड
> गांधी चौक से गंज रोड कृषि उपज मंडी के बीच
कारोबार पर असर
गांधी चौक, सब्जी मंडी, गंज रोड, स्टेशन रोड, पंचायती मंदिर रोड में दुकान चलाने वाले कारोबारी बताते हैं कि आए दिन लगने वाले जाम का असर लोगों के कारोबार पर पड़ रहा है। उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। पार्किंग इंतजाम बेहद जरूरी है।
लक्ष्मण गुप्ता अध्यक्ष जिला व्यापारी संघ
पेवर ब्लॉक बिछाकर सड़क के आधे हिस्से को ऊंचा किया
यातायात प्रभारी संजय जायसवाल का कहना है कि अहिंसा चौक से गुरूनानक चौक के बीच दुकानदारों ने पेवर ब्लॉक बिछाकर दुकान के सामने सड़क के आधे हिस्से पर ऊंचाई बढ़ा ली है। ऐसे में वाहनों के लिए पार्किंग स्थान सुरक्षित करना मुश्किल हो गया है।
ऐसी स्थितियां शहर में दूसरी जगहों पर भी है। इस बारे में सीएमओ शहडोल आशा भंडारी के साथ ही स्पॉट विजिट कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि सड़क के हिस्से को बराबर किया जाएगा। इससे जगह बनेगी तो पार्किंग के लिए जगह आरक्षित करने में सहूलियत होगी।
सड़क बराबर करवाएंगे
सीएमओ आशा भंडारी ने बताया कि नाली के बाहर जहां भी निर्माण है, उसे लोगों की आवागमन की सुविधा के लिहाज से सडक़ के बराबर करवाएंगे। गंज रोड, स्टेशन रोड में कई स्थान पर सड़क के हिस्से में ऊंचाई बढ़ा लेने के कारण उस स्थान का उपयोग वाहनों की आवाजाही में नहीं हो रहा है। इससे सड़क पर जाम लगना आम समस्या बन गई है। यातायात विभाग के साथ बैठकर प्लान बना रहे हैं कि कैसे इस समस्या से निपटा जाए।
Created On :   30 April 2026 1:17 PM IST












